समय के साथ चलें

गायकी की दुनिया में एक मकाम हासिल कर चुकी हैं तुलसी कुमार। उन्हें अपनी मेहनत पर यकीन है। आशिकी 2 के गीत हम मर जाएंगे.. और पिया आए ना.. ने उन्हें युवाओं की पहली पसंद बना दिया है। पिछले दिनों उनसे हुई मुलाकात में कुछ सवाल। प्रस्तुत हैं उसके अंश..

By Edited By: Publish:Sat, 01 Feb 2014 02:18 PM (IST) Updated:Sat, 01 Feb 2014 02:18 PM (IST)
समय के साथ चलें

1. आप अभी जहां हैं, उसे मेहनत का फल मानती हैं या किस्मत..?

मैं दोनों में यकीन करती हूं, लेकिन यह सच है कि अगर हम मेहनत नहीं करेंगे तो किस्मत हमारे लिए कुछ नहीं करेगी। किसी की कामयाबी में इन दोनों की बराबर भूमिका होती है, लेकिन पहले मेहनत जरूरी है, फिर किस्मत आपका साथ देगी।

2. आपके करियर का टर्निग प्वॉइंट?

मैं अभी भी सीख रही हूं। मैंने बहुत गीत नहीं गाए हैं। हां, यह मेरे लिए अच्छी बात है कि अब तक मैंने जो भी गीत गाए वो लोगों को बहुत पसंद आए। इसलिए टर्निग प्वॉइंट के बारे में नहीं बता सकती।

3. पर यह तो बता सकती हैं कि पहला कौन सा गीत चर्चित हुआ?

मैंने जो पहला गीत गाया था, वह है फिल्म अकसर का जनाबे जानिया। इसे लोगों ने पसंद किया, लेकिन उसके बाद की हमको दीवाना कर गए, तुम जो आए जिंदगी में बात बन गई और हम मर जाएंगे गीतों को भी लोगों ने खूब पसंद किया है। इन गीतों की वजह से लोग मुझे जानने लगे हैं।

4. क्या आप बचपन से ही गायकी की दुनिया में आना चाहती थीं?

जी हां, बचपन से ही मुझे गाने का शौक था। पापा के गुजर जाने के बाद मां ने मेरे इस शौक को आगे बढाने के लिए मुझे गायकी सीखने के लिए भेजना शुरू किया। अब तो संगीत के अलावा मैं और कुछ सोच भी नहीं सकती।

5. आप गायकी की दुनिया में नहीं होतीं तो कहां होतीं?

मैं और कहीं नहीं होती, क्योंकि मैंने इसे तब अपनाया था, जब मैं बहुत छोटी थी। मैं गायकी के साथ बडी हुई हूं। फिर किसी और फील्ड में जाने के बारे में मैंने सोचा भी नहीं।

6. आप अंधविश्वासी हैं?

नहीं, हम जानते हैं कि ऐसा होना सही नहीं।

7. आपको धर्म में यकीन है?

जी बिलकुल है। मेरे दिन की शुरुआत ईश्वर को याद करके होती है। घर से निकलने से पहले मैं ईश्वर को याद करती हूं।

8. ईश्वर को लेकर कभी मन में नेगेटिव भाव भी आए?

हम इंसान हैं और इंसान कभी-कभी ऐसा कुछ कर जाता है। जब मैं पापा को याद करती हूं तो यह बात कहती हूं कि भगवान ने मेरे साथ अच्छा नहीं किया, लेकिन कुछ ही समय बाद यह भी समझ में आता है कि अच्छे दिन भी तो वही दिखाता है। यह मानना पडता है कि जो भी है, उसी की कृपा से है।

9. सफलता पाने के लिए क्या जरूरी है?

मन से मेहनत करने और समय के साथ चलने से सफलता जरूर मिलेगी। वैसे ही कुछ नहीं मिल जाता..।

10. आपकी नजर में जिंदगी?

जिंदगी एक सफर है, जो हमेशा आगे बढती रहती है। उसी के साथ हम अनुभवी भी होते हैं। इसलिए अच्छा सोचो, खुश रहो..।

11. और प्यार?

प्यार नहीं तो जिंदगी नहीं। वह चाहे किसी से भी हो।

12. आप अपने हमसफर में क्या देखना चाहेंगी?

वह मुझे जाने और समझे। मेरी कद्र करे।

13. आपका ड्रीम..?

गायकी में बहुत आगे तक जाना चाहती हूं, लेकिन चुनिंदा कामों के साथ। पापा का नाम रोशन करना चाहती हूं। खुश रहूं और संगीत का साथ बना रहे।

14. हिंदी फिल्मों के आपके पसंदीदा हीरो-हीरोइनें?

विद्या बालन और आमिर खान। ये दोनों कमाल का अभिनय करते हैं।

15. पसंदीदा फिल्में?

निश्चित रूप से दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे। जब भी देखें, नई फिल्म लगती है।

रतन

chat bot
आपका साथी