हिमाचल से पंजाब की ओर बिना जाच के चल रहे वाहन

पंजाब सरकार की ओर से कोविड-19 की रोकथाम के मद्देनजर शुरू की गई ई-रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था का पंजाब-हिमाचल सीमा पर कोई असर नहीं दिखा है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 07 Jul 2020 06:12 PM (IST) Updated:Wed, 08 Jul 2020 06:07 AM (IST)
हिमाचल से पंजाब की ओर बिना जाच के चल रहे वाहन
हिमाचल से पंजाब की ओर बिना जाच के चल रहे वाहन

सुभाष शर्मा, नंगल : पंजाब सरकार की ओर से कोविड-19 की रोकथाम के मद्देनजर शुरू की गई ई-रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था का पंजाब-हिमाचल सीमा पर कोई असर नहीं दिखा है। हिमाचल से पंजाब की तरफ आने वाले वाहन आज बेरोकटोक शहर में प्रवेश कर रहे हैं, जबकि हिमाचल की ओर जाने वाले पंजाब व अन्य प्रांतों के वाहनों की बॉर्डर पर पूरी चैकिंग हो रही थी। हिमाचल में प्रवेश करने के लिए वाहन चालकों व लोगों को तय की गई जाच रजिस्ट्रेशन, मेडिकल जाच व अन्य दिशा निर्देशों की पालना करवाकर ही आगे जाने दिया जा रहा है।

उधर, पंजाब में प्रवेश कर रहे लोगों की संख्या भी काफी अधिक है जो राष्ट्रीय उच्च मार्ग एक्सटेंशन 503 दिन से गुजरते हुए चंडीगढ़ आदि की ओर जा रहे हैं। अजौली मोड़ के निकट एनएच को बंद किया गया है। फोरलेन फ्लाइओवर निर्माण के मद्देनजर बंद किए गए नेशनल हाईवे का सारा ट्रैफिक नया नंगल में एनएफएल कॉलोनी के सेक्टर दो के मधुवन पार्क मार्ग से होते हुए नंगल डैम पहुंच रहा है। इस कारण अब इस इलाके में पंजाब का कोई नाका नहीं है। केवल नंगल डैम पर ही पुलिस ट्रैफिक पुलिस के साथ वाहनों की रूटीन जांच कर रही है। यहां हिमाचल से आने वाले कुछ लोग तो खुद रुक कर अपने दस्तावेज दिखा रहे हैं, लेकिन ज्यादातर लोग यहां बिना रुके ही आगे बढ़ रहे हैं।

हिमाचल पुलिस के मैहतपुर एंट्री प्वाइंट पर तैनात तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पंजाब से प्रतिदिन हिमाचल के कारखानों व अन्य जगहों पर जाने वाले कर्मचारियों के पास बनाए गए हैं। उस व्यवस्था के आधार पर ही पंजाब के लोगों को प्रवेश दिया जा रहा है, जो लोग बाहरी प्रातों के कंटेनमेंट जोन से आते हैं उन्हें हिमाचल में एंट्री नहीं दी जा रही है। कोवा एप प्रोसेस दोबारा हो चुका है शुरू

डीसी सोनाली गिरी के मुताबिक जो लोग पंजाब में दूसरे जिलों से आते हैं उनको होम क्वराटाइन करने का नियम है। कोवा एप पर ई पास लेना अनिवार्य किया गया है। पहले अनलॉक के दौरान लोगों ने ई पास लेना बंद कर दिया था। अब इस प्रोसेस को दोबारा चलाया गया है। इससे लोगों के आने जाने की जानकारी उपलब्ध नहीं हो पा रही थी। जो लोग रोजाना नौकरी के लिए फैक्ट्रियों में जाते हैं उन्हें विशेष पास पहले भी जारी किए गए थे। अब भी ऐसा ही होगा। उन्हें क्वारंटाइन नहीं किया जाएगा।

भटोली गांव का वार्ड नंबर तीन बना कंटेनमेंट जोन--

नंगल के साथ स्थित जिला ऊना के गांव भटोली में कोरोना संक्त्रमण का मामला सामने के बाद गांव के वार्ड नंबर तीन को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। उपायुक्त ऊना संदीप कुमार ने कहा कि वार्ड नंबर तीन में संतोष कुमार के घर को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। इसके अलावा भटोली के वार्ड नंबर तीन में रोशन लाल के घर से कुलविंदर सिंह के घर के बीच आने वाले नौ घरों को बफर जोन बनाया गया है। उन्होंने कहा कि कंटेनमेंट जोन में आगामी आदेशों तक कर्फ्यू में किसी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी।

chat bot
आपका साथी