16 की उम्र में पहला कत्ल कर 10 हत्याओं को अंजाम देने वाला गैंगस्टर पंडित मुठभेड़ के बाद लगा पुलिस के हाथ

पुलिस ने गैंगस्टर झुन्ना पंडित को चिंतपूर्णी से दिल्ली लौटते हुए काहनपुर खुही के पास शुक्रवार तड़के चार बजे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Fri, 11 Oct 2019 03:34 PM (IST) Updated:Sat, 12 Oct 2019 11:36 AM (IST)
16 की उम्र में पहला कत्ल कर 10 हत्याओं को अंजाम देने वाला गैंगस्टर पंडित मुठभेड़ के बाद लगा पुलिस के हाथ
16 की उम्र में पहला कत्ल कर 10 हत्याओं को अंजाम देने वाला गैंगस्टर पंडित मुठभेड़ के बाद लगा पुलिस के हाथ

जेएनएन, रोपड़। उत्तर प्रदेश और दिल्ली में 10 हत्याओं में वांछित कुख्यात गैंगस्टर प्रकाश मिश्रा उर्फ झुन्ना पंडित को शुक्रवार सुबह रूपनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पंडित पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम रखा हुआ है। वह हिमाचल प्रदेश के चिंतपूर्णी से दिल्ली वापस जा रहा था। रूपनगर के काहनपुर खुही के पास शुक्रवार तड़के करीब चार बजे उसकी रूपनगर पुलिस से मुठभेड़ हो गई। मोटरसाइकिल पर सवार गैंगस्टर ने पुलिस पर तीन फायर किए जो पुलिस की गाड़ी पर लगे। जवाब में पुलिस ने भी चार फायर किए और उसे पकड़ लिया।

उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के गांव हासिमपुर के रहने वाले 24 वर्षीय झुन्ना पंडित ने 16 साल की उम्र में पहली हत्या की थी। इससे पहले 15 साल की उम्र में उस पर इरादा-ए-कत्ल का केस दर्ज हो चुका था। पंडित पर हत्या के 10 मामले दर्ज हैं। उत्तर प्रदेश और दिल्ली में उस पर हत्या, अपहरण और फिरौती के 20 केस दर्ज हैं। पंडित सिर्फ नौवीं कक्षा तक पढ़ा है। एसएसपी रूपनगर ने मीडिया को बताया कि आरोपित से .32 बोर के दो देसी पिस्तौल और आठ कारतूस बरामद हुआ है। आरोपित पर दर्ज हत्या के 10 मामलों में उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर हुआ कत्लकांड भी शामिल है।

दोनों हाथों से निशानेबाजी में माहिर है पंडित

आरोपित झुन्ना पंडित दोनों हाथों से पिस्तौल चला सकता है। वह वारदात को अंजाम देने के लिए मोटरसाइकिल का ही प्रयोग करता है। उत्तर प्रदेश में वह बसपा के एक और भाजपा के एक वर्कर की हत्या भी कर चुका है। पंडित पर छह केस तो उत्तर प्रदेश में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज हैं।

दिव्यांग की सरेआम गोलियां मारकर की थी हत्या

पंडित की गैंग में 15 से 16 लोग शामिल हैं। इसके आठ साथी दिल्ली और उत्तर प्रदेश की जेलों में बंद हैं। पंडित ने दिव्यांग पान विक्रेता दलीप पटेल की सरेआम गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। वारदात की फुटेज वायरल होने के बाद पंडित चर्चा में आया था। इस वारदात में वह दोनों हाथों से फायर करता दिखाई दिया था।

हिमाचल में धार्मिक स्थानों पर रहने दी थी किसी ने सलाह

पंडित दुर्गा माता का भक्त है। वह दिल्ली, जयपुर और माउंट आबू में भी छिपकर रह चुका है। किसी ने उसे हिमाचल प्रदेश के धार्मिक स्थानों के पास रहने की सलाह दी थी। उसने हिमाचल में एसटीडी से अपने संपर्क के कुछ लोगों को फोन किए थे।

बालिग होने के बाद नहीं आया पुलिस के हाथ

जेल में रहते हुए भी पंडित का तीन हत्याओं में हाथ पाया गया है। तीन साल के लिए वह दो बार बाल सुधार गृह में भी भेजा जा चुका है। बालिग होने के बाद पंडित बड़ी वारदातों को अंजाम देने लगा और उसके बाद कभी पुलिस के हाथ नहीं आया।

दिल्ली से चुराई मोटरसाइकिल का करता था इस्तेमाल

पंडित के पिता छोटे ट्रांसपोर्टर हैं। एक भाई पुरोहित है, जबकि दूसरा घर पर रहता है। वारदात के बाद वह दिल्ली फिर पंजाब में आ जाता था। उत्तर प्रदेश के बावतपुर एयरपोर्ट से दिल्ली तक वह फ्लाइट से आता था। वारदातों को अंजाम देने के लिए उसने दिल्ली के एक कोचिंग सेंटर के बाहर से मोटरसाइकिल चोरी की हुई थी।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें 

chat bot
आपका साथी