पाकिस्तान सीमा पर सटे सिब्बल सकौल से संपर्क कटा, PWD ने हटाया अस्थाई पुल

भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे सिब्बल सकौल गांव से देश का संपर्क कट गया है। दरअसल यहां बनाया गया अस्थायी पुलिस पीडब्ल्यूडी ने हटा दिया है।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Thu, 25 Jun 2020 10:42 AM (IST) Updated:Thu, 25 Jun 2020 10:42 AM (IST)
पाकिस्तान सीमा पर सटे सिब्बल सकौल से संपर्क कटा, PWD ने हटाया अस्थाई पुल
पाकिस्तान सीमा पर सटे सिब्बल सकौल से संपर्क कटा, PWD ने हटाया अस्थाई पुल

जेएनएन, बमियाल [पठानकोट]। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे अंतिम गांव सिब्बल सकौल का रावी दरिया पर बना अस्थाई पुल हटते ही देश से संपर्क कट गया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने तरनाह नाले पर बनाया अस्थाई पुल हटा लिया है। इससे जहां लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं, वहीं सीमा पर सुरक्षा में तैनात बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) को भी आवागमन में परेशानी होगी।

सिब्बल सकौल गांव बरसात के दिनों में बिना पुल के टापू बनकर रह जाता है। इस दौरान ग्रामीणों को या तो गांव में ही कैद होकर रहना पड़ेगा या फिर अपना घर छोड़कर दरिया के पार डेरा लगाना पड़ेगा। भाजपा के स्थानीय नेताओं ने आश्वासन दिया था कि सांसद सनी देओल गांव में जल्द पक्का पुल बनाने की प्रक्रिया शुरू करवाएंगे, लेकिन न तो पक्का पुल बना और न ही कोई सुधार हुआ।

आजादी के बाद भी बरसात में जिंदगी कैद

ग्रामीणों इंदर कुमार, सुरेंद्र कुमार, प्रेम कुमार, रवीश कुमार, अजय कुमार व विक्रम सिंह ने बताया कि आजादी के बाद से हर बरसात के मौसम में लोगों को दंश झेलना पड़ता है। जिंदगी कैद होकर रह जाती है। दरिया का बहाव अधिक होने से कई बार बीमार लोग समय पर स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिलने से दम तोड़ जाते हैं। सरकारी प्राइमरी स्कूल में तैनात शिक्षकों को भी दिक्कत होती है। वह लगातार पक्के पुल की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं हुई।

नाव की खस्ताहाल, दुर्घटना का खतरा

पूर्व कांग्रेस सांसद डॉ. अश्विनी कुमार के प्रयास से यहां अस्थाई पुल बनाया गया था। मगर बरसात में इसे उठा लिया जाता है। नाव की हालत भी खस्ता है, जिससे दुर्घटनाग्रस्त का खतरा रहता है। सरपंच परमजीत कौर ने बताया कि नई नाव के लिए प्रशासन को अवगत करवाया है।

बैली ब्रिज बनाने का काम जल्द होगा शुरू

विधायक जोगिंदर पाल ने कहा कि दरिया में बैली ब्रिज बनाने के लिए सामान मुहैया करवाया गया था। अब जिला प्रशासन एवं बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (बीआरओ) को पुल बनाने की अनुमति मिल गई है। जल्द लोगों को सुविधा मिलेगी। वहीं बीआरओ के अधिकारी महावीर प्रसाद ने बताया कि बैली ब्रिज निर्माण की अप्रूवल अंतिम चरण में है। उम्मीद है अगले सप्ताह काम शुरू हो जाएगा। पक्के पुल का निर्माण होने में अभी समय लगेगा। विभागीय प्रक्रिया अभी चल रही है।

chat bot
आपका साथी