भरोली जंक्शन का प्लेटफार्म होगा ऊंचा, बनेगा फुट ओवरब्रिज

पठानकोट को दिल्ली कटड़ा और अमृतसर को जोड़ने वाले भरोली जंक्शन को अपग्रेड करने का काम शुरू हो गया है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 03 Jun 2019 11:50 PM (IST) Updated:Mon, 03 Jun 2019 11:50 PM (IST)
भरोली जंक्शन का प्लेटफार्म होगा ऊंचा, बनेगा फुट ओवरब्रिज
भरोली जंक्शन का प्लेटफार्म होगा ऊंचा, बनेगा फुट ओवरब्रिज

जासं, पठानकोट : पठानकोट को दिल्ली कटड़ा और अमृतसर को जोड़ने वाले भरोली जंक्शन को अपग्रेड करने का काम शुरू हो गया है। फिरोजपुर रेल मंडल की ओर से मीडियम क्लास प्लेटफार्म को हाई लेबल में तबदील करने के इलावा फुटओवर ब्रिज बनाकर यात्रियों की सुविधाएं प्रदान की जाएगी। दोनों प्रोजेक्टों पर करीब 70 लाख रुपए खर्च आएगा जिसका काम शुरु हो गया है। मंडल की ओर से स्टेशन पर फुटब्रिज बनाने तथा प्लेटफार्म को ऊंचा उठाए जाने का काम शुरु होने पर स्थानीय लोगों ने आभार जताया है।

जानकारी के अनुसार लुधियाना व जालंधर के बाद सबसे अधिक व्यस्त भरोली जंक्शन को चार साल पहले स्टेशन की तुलना प्लेटफार्म बनाया गया था। जिसे अब अप लिफ्ट करते हुए हाई क्लास प्लेटफार्म बनाया जाएगा। स्टेशन पर रोजाना बीस गाड़ियों का ठहराव है। वर्तमान समय में स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज न होने के कारण एक से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए यात्री लाइनों को क्रास करके जाते हैं। लेकिन, फुटओवर ब्रिज बनने के बाद यात्रियों की इस समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा। यात्री आसानी से फुट ओवरब्रिज के रास्ते एक से दूसरे प्लेटफार्म पर जा सकेंगे। सोमवार को जागरण प्रतिनिधि ने भरोली जंक्शन स्टेशन का दौरा किया तो देखा कि कर्मचारी प्लेटफार्म के किनारों को तेजी से तोड़ रहे हैं। साथ ही प्लेटफार्म पर पड़ी ईंटों से फुट ओवरब्रिज का काम चल रहा था।

स्टेशन पर सभी ट्रेनों का ठहराव हो

गांव भरोली कलां के लोगों ने रेलवे के अधिकारियों से मांग की है कि स्टेशन पर सभी ट्रेनों का ठहराव बनाया जाए। रिटायर्ड कमांडेंट दर्शन कुमार, पूर्व सरपंच मधुबाला, पूर्व सरपंच ठाकुर मान सिंह, भाजपा अनुसूचित जाति के जिला प्रधान डाक्टर प्रबोध चंद्र, भाजपा सुजानपुर मंडल के उपाध्यक्ष साहिल शर्मा, दुकानदार जरनैल सिंह, कुलदीप कुमार, चंद्रशेखर, सचिन वालिया, बुद्धीजीवी विनोद कुमार ने कहा कि अमृतसर, बटाला आदि क्षेत्रों से पठानकोट कैंट जाने वाले यात्रियों को पहले सिटी स्टेशन पर जाना पड़ता है। उसके बाद उन्हें आटो या अन्य साधनों से कैंट पहुंचना पड़ता है। ऐसे में कई बार उनकी ट्रेन छूट जाती है। कैंट स्टेशन पर ट्रेनें अधिक होने की वजह से बाकी ट्रेनों को अन्य स्टेशनों पर रोकना पड़ता है। ऐसे में यदि रेलवे भरोली जंक्शन को सुविधाएं देकर कैंट हाल्ट स्टेशन बना दे तो इससे अमृतसर आदि क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को भारी राहत मिलेगी। गांववासियों ने कहा कि इस संबंधी शीघ्र ही डिवीजनल रेल मैनेजर और रेल मंत्रालय को पत्र लिख कर भरोली जंक्शन को पठानकोट कैंट हाल्ट बनाने की मांग रखी जाएगी।

स्टेशन को अपग्रेड करने का काम शुरू

आइओडब्ल्यू (इंस्पेक्टर ऑफ वर्कस) अनिल अग्रवाल से बात की तो उनका कहना था कि भरोली जंक्शन के प्लेटफार्म को हाई क्लास प्लेटफार्म बनाया जाना है। इसके अलावा यात्रियों को एक से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए पेश आ रही परेशानियों से निजात दिलाने के लिए फुट ओवरब्रिज भी बनाकर दिया जाएगा। दोनों कार्यों पर करीब 70 लाख रुपए खर्च आएंगे जिसका काम शुरू हो गया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों कार्यों को अगले चार महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी