आज से शुरू होगी धान की सरकारी खरीद
केंद्र सरकार की तरफ से धान की सरकारी खरीद 26 सितंबर से शुरू करने का ऐलान किया गया है।
जागरण संवाददाता, खन्ना : केंद्र सरकार की तरफ से धान की सरकारी खरीद 26 सितंबर से शुरू करने का ऐलान किया गया है। इसके चलते खन्ना अनाज मंडी में भी धान की सरकारी खरीद रविवार को शुरू हो जाएगी। हालांकि, सरकारी खरीद पहले एक अक्तूबर से जाती रही है। लेकिन, माना जा रहा है कि किसानों के आंदोलन के चलते सरकार ने खरीद को एडवांस में शुरू करने का फैसला लिया है।
दूसरी तरफ यह भी जानकारी सामने आई है कि पंजाब सरकार की तरफ से अब तक पंजाब की खरीद एजेंसियों को सरकारी खरीद करने संबंधी कोई आदेश जारी नहीं किए गए हैं। बहरहाल पंजाब की मंडियों में पिछले कई दिनों से धान की फसल की आमद जरूर शुरू हो गई है। इसकी खरीद फिलहाल निजी व्यापारियों की तरफ से जा रही थी।
किसानों को होगा लाभ
जानकारों के अनुसार एक सप्ताह पहले सरकारी खरीद शुरू होने साथ किसानों को लाभ होगा। उनकी फसल अब न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर बिकेगी। जबकि एक अक्तूबर से पहले मंडी में पहुंचने वाली फसल को निजी व्यापारी अपने हिसाब से खरीदते हैं। इसे केंद्र सरकार से नाराज चले आ रहे किसानों को रिझाने के एक पैंतरे के रूप में भी इसे देखा जा रहा है।
आदेश का इंतजार कर रहे हैं : सचिव
मार्केट कमेटी खन्ना के सचिव दलविंदर सिंह बताया कि पंजाब सरकार की तरफ से सरकारी खरीद शुरू करने का अभी तक कोई आदेश नहीं दिया गया है। उम्मीद है केंद्र सरकार के फैसले के बाद पंजाब सरकार शनिवार देर रात को निर्देश जारी कर सकती है। उसके बाद मंडी में 27 सितम्बर को सरकारी खरीद शुरू हो जाएगी। मंडी में सभी प्रबंध मुकम्मल हैं।