कश्मीर में कारोबारी की हत्या के बाद सेब के व्यापारियों में दहशत, दी यह चेतावनी Ludhiana News

कश्मीर में हाल ही में हुई बाहरी लोगों की हत्याओं के बाद कारोबारी दहशत में हैं। अब वे कश्मीर जाने से डर रहे हैं और सरकार से कड़ी सुरक्षा की गुहार लगा रहे हैं।

By Sat PaulEdited By: Publish:Sat, 19 Oct 2019 10:52 AM (IST) Updated:Sun, 20 Oct 2019 09:18 AM (IST)
कश्मीर में कारोबारी की हत्या के बाद सेब के व्यापारियों में दहशत, दी यह चेतावनी Ludhiana News
कश्मीर में कारोबारी की हत्या के बाद सेब के व्यापारियों में दहशत, दी यह चेतावनी Ludhiana News

लुधियाना, [राजीव शर्मा]। कश्मीर में अबोहर के कारोबारी की हत्या के बाद पंजाब के फल कारोबारियों का सेंटीमेंट गड़बड़ा गया है। कश्मीर में हाल ही में हुई बाहरी लोगों की हत्याओं के बाद कारोबारियों में दहशत का आलम है। कश्मीर से सेब का कारोबार करने वाले फ्रूट मर्चेट्स का कहना है कि अब वह कश्मीर नहीं जाएंगे, बल्कि ट्रेडर के मार्फत आगे कारोबार करेंगे। पहले यहां से कारोबारी खुद जाकर सेब की खरीदारी करते थे और कई व्यापारी सेब के बाग ठेके पर लेकर भी कारोबार करते थे, लेकिन अब समीकरण बिगड़ रहा है। कारोबारियों ने सरकार से कश्मीर में सुरक्षा की गुहार लगाई है।

हत्या के बाद से भय का माहौल: पंकज मलिक

पंकज फ्रूट ट्रेडर्स के संचालक पंकज मलिक के अनुसार कश्मीर में भय का माहौल है। अब हर व्यापारी कश्मीर जाने से पहले हाथ खींच रहा है। देश के अलावा बांग्लादेश से भी कारोबारी कश्मीर में पहुंच कर सेब का कारोबार करता है। पंकज बोले कि सामान्य तौर पर छठ पूजा तक देश भर के व्यापारी कश्मीर में जाकर सेब की खरीदारी करते हैं और दक्षिण के व्यापारी जनवरी तक खरीददारी करते हैं। लेकिन अब सभी कश्मीर जाने से पहले सोच रहे हैं।

इस बार कश्मीर में नहीं लगी मंडियां

धारा 370 खत्म होने से पहले कश्मीर में कुलगाम, शोपियां, श्रीनगर, सोपोर में सेब की बड़ी-बड़ी मंडियां लगती थीं, पूरे देश में सेब का कारोबार वहीं से होता था, लेकिन धारा 370 खत्म होने के बाद कश्मीर बंद एवं आतंकवादियों के डर के चलते वहां इस बार मंडियां नहीं लगी, लेकिन तड़के सिर्फ दो घंटे के लिए छोटी-छोटी मंडियां छिप-छिप कर लगाई जा रही हैं। काफी कम संख्या में दूसरे राज्यों का व्यापारी कश्मीर में जाकर सेब की खरीदारी कर रहा था, लेकिन अब कारोबारी की हत्या के बाद उनमें भी डर है।

कारोबारियों का कश्मीर जाने का अब नहीं है मन: अमरवीर सिंह

पंजाब फ्रूट एंड वेजिटेबल कमीशन एजेंट्स एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी अमरवीर सिंह ने साफ किया है कि यदि कश्मीर में हालात इसी तरह के रहे तो यहां से जो व्यापारी कश्मीर जा रहे थे, वे भी वहां जाना बंद कर देंगे। उन्होंने कहा कि फिर केवल ट्रेडर के जरिये ही कारोबार किया जाएगा। ट्रेडर के साथ फोन पर कारोबार करने से क्वालिटी चेक नहीं की जा सकेगी। पेमेंट में दिक्कत होगी, आपस में विवाद बढ़ेंगे। बावजूद इसके अब व्यापारी का मन कश्मीर जाकर कारोबार करने का नहीं है।

कश्मीरी सेब के कारोबार की स्थिति

कारोबारियों का तर्क है कि कश्मीर में औसतन 3.87 लाख हेक्टेयर जमीन में सेब की खेती की जाती है। यहां पर अठारह लाख टन सेब की पैदावार होती है। कश्मीर में करीब आठ हजार करोड़ रुपये का सेब का कारोबार होता है। देश का 75 फीसद सेब कश्मीर में पैदा होता है।

देश की मार्केट अब कश्मीर पर निर्भर

काबिलेजिक्र है कि कश्मीर में सेब का सीजन सितंबर से जनवरी तक चलता है। इन दिनों यह सीजन अपने पीक पर है। दिसंबर में उत्तर भारत में सर्दी पड़ने पर सेब की लागत कम हो जाती है, लेकिन दक्षिण के व्यापारी जनवरी तक कश्मीर से सेब की खरीदारी करते हैं। हिमाचल प्रदेश के सेब का सीजन अगस्त से लेकर 15 अक्टूबर तक चलता है। अब हिमाचल का सेब खत्म हो रहा है, ऐसे में देश की पूरी मार्केट कश्मीर पर निर्भर है। कश्मीर से सीजन के दौरान औसतन रोजाना सात सौ से आठ सौ ट्रक सेब देश भर में भेजा जाता है।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें  

chat bot
आपका साथी