Ludhiana News: जमीन खरीद व नगर निगम के साथ धोखाधड़ी में 8 लोग नामजद

पंजाब के लुधियाना में जमीन खरीद व नगर निगम के साथ धोखाधड़ी में 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जबकि नगर निगम में फर्जी एनओसी जमा करा धोखाधड़ी करने वाले तीन लोगों पर एक और केस दर्ज हुआ है।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Sun, 19 Mar 2023 12:00 PM (IST) Updated:Sun, 19 Mar 2023 12:00 PM (IST)
Ludhiana News: जमीन खरीद व नगर निगम के साथ धोखाधड़ी में 8 लोग नामजद
जमीन खरीद व नगर निगम के साथ धोखाधड़ी में 8 लोग नामजद

जागरण संवाददाता, लुधियाना: जमीन की खरीद फरोख्त में लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के तीन मामलों में विभिन्न थानों की पुलिस ने दंपति व उनके बेटे समेत 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किए हैं। जबकि नगर निगम में फर्जी एनओसी जमा करा धोखाधड़ी करने वाले तीन लोगों पर एक और केस दर्ज हुआ है।

थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस ने कैलाश नगर निवासी कृष्ण लाल की शिकायत पर कैलाश नगर स्थित मुनीश बूट हाउस के मुनीश कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया गया। अपने बयान में उसने बताया कि आरोपित ने 2010-2011 में कैलाश नगर इलाके में 15.85 वर्ग गज की एक दुकान का उसके साथ 17.90 लाख रुपये में सौदा किया था। जिसके बाद वो रजिस्ट्री कराने में टालमटोल करने लगा। जांच पड़ताल में पता चला कि आरोपित के पास उस दुकान का मालिकाना हक ही नही है। ऐसा करके आरोपित ने उसके साथ धोखाधड़ी की है।

थाना डिवीजन नंबर 2 पुलिस ने कोट आलमगीर निवासी पर किया केस दर्ज

थाना डिवीजन नंबर 2 पुलिस ने कोट आलमगीर निवासी भारत भूषण की शिकायत पर किचलू नगर निवासी राधा रानी, उसके पति कृष्ण लाल तथा उसके बेटे शिवम पर केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि उसने आरोपितों को हंबड़ां रोड स्थित कैलाश गऊ धाम स्थित 400 वर्ग गज का प्लाट तथा 38.50 लाख रुपये देकर उनसे मोहर सिंह नगर में 620 वर्ग गज का प्लाट खरीदा था। मगर आरोपितों ने उसे प्लाट का कब्जा नहीं दिया। उसे केवल 10 लाख रुपये लौटाए। जबकि बाकी के 28.50 लाख रुपये हड़प करके उससे धोखाधड़ी की।

प्रापर्टी से ज्यादा रकबा बेच कर की धोखाधड़ी

थाना डिवीजन नंबर 6 पुलिस ने कनाडा के ब्रामटन ओंटेरिओ स्थित माल्टा एवेन्यू निवासी अमरजीत सिंह संघा की शिकायत पर दुगरी फेस-1 निवासी वेद प्रकाश के खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि आरोपित के पास 200 वर्ग गज का एक प्लाट था।

जिसमें से उसने 131 वर्ग गज जगह अंकित गर्ग नाम के व्यक्ति को बेच दी थी। जबकि शिकायतकर्ता से पूरी कीमत वसूल करके उसी में से 140 वर्ग गज जमीन उसके नाम करवा दी। आरोपित ने अपनी असल प्रापर्टी से ज्यादा रकबा बेच कर उसके साथ धोखाधड़ी की है।

नगर निगम में फर्जी एनओसी जमा करा धोखाधड़ी

नगर निगम में फर्जी एनओसी जमा करा धोखाधड़ी करने के आरोप में थाना डाबा पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। एएसआई अविनाश राय ने बताया कि उनकी पहचान महा सिंह नगर निवासी कुलदीप सिंह, विनय कपूर तथा हरशी कपूर के रूप में हुई।

पुलिस ने नगर निगम जोन डी के एससी संजय कंवर की शिकायत पर उनके खिलाफ उक्त केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि जांच पड़ताल में पाया गया कि आरोपितों ने फर्जी दस्तावेज के साथ अपने मकानों की फर्जी एनओसी तैयार करके नगर निगम में जमा करा धोखाधड़ी की है।

chat bot
आपका साथी