Ludhiana Corona Update: कोरोना के 836 नए केस मिले, 8 मरीजाें ने दम तोड़ा; रिकवरी रेट 90.86 प्रतिशत पहुंचा

Ludhiana Corona Update जिले में कोरोना का कहर लगातार बढ़ने से लाेगाें में हड़कंप है। शहर में एक्टिव केस घटकर अब 7368 रह गए हैं। इनमें से 7146 एक्टिव केस होम आइसोलेशन और 232 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं।

By Vipin KumarEdited By: Publish:Mon, 24 Jan 2022 10:06 AM (IST) Updated:Mon, 24 Jan 2022 10:06 AM (IST)
Ludhiana Corona Update: कोरोना के 836 नए केस मिले, 8 मरीजाें ने दम तोड़ा; रिकवरी रेट 90.86 प्रतिशत पहुंचा
जिले में रविवार को कोरोना के 836 मरीजों की पुष्टि हुई। (सांकेतिक तस्वीर)

जासं, लुधियाना। Ludhiana Corona Update: जिले में रविवार को कोरोना के 836 मरीजों की पुष्टि हुई, जबकि अलग-अलग इलाकों के रहने वाले आठ संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। इसके अलावा दूसरे जिलों के रहने वाले 96 लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव मिली और तीन संक्रमितों की मौत हो गई। कोरोना से दम तोड़ने वालों में चांद सिनेमा निवासी 17 वर्षीय किशोर भी रहा। डीएमसी अस्पताल में भर्ती रहे किशोर दिमाग की गंभीर बीमारी से पीड़ित था।

राहत की बात यह रही कि रविवार को भी 1136 संक्रमित कोरोना को मात देकर स्वस्थ हो गए। जिले में कोरोना के एक्टिव केस घटकर अब 7368 रह गए हैं। इनमें से 7146 एक्टिव केस होम आइसोलेशन और 232 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। वहीं वेंटिलेटर पर 25 मरीज हैं, जिसमें से 10 मरीज लुधियाना और 15 मरीज दूसरे जिलों के रहने वाले हैं। मरीजों के स्वस्थ होने की दर अब बढ़कर 90.86 प्रतिशत हो गई है।

जल्द से जल्द लगवाएं दूसरी डोज : सिविल सर्जन

सिविल सर्जन डा. एसपी सिंह ने लोगों से अपील की कि जिनकी दूसरी डोज पेंडिंग हैं, वह जल्द से जल्द लगवाएं। इसके साथ ही हेल्थ केयर वर्कर, फ्रंटलाइन वर्कर व साठ साल से अधिक उम्र वाले बुजुर्ग चिकित्सक के सलाह के अनुसार बूस्टर डोज लें। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की है कि 15 से 18 साल के बच्चों को वैक्सीन जरूर लगवाएं ताकि संक्रमण के गंभीर खतरों से बचा जा सके। वैक्सीनेशन से ही कोरोना हारेगा।

बारिश में भी 57 हजार लोगों ने वैक्सीन लगवाई

जिले में रविवार को बारिश के बावजूद भी वैक्सीन लगवाने के लिए सेंटरों पर भीड़ उमड़ी रही। सेहत विभाग की ओर से लगाएं गए कैंपों में सुबह नौ से दोपहर दो बजे के दौरान 57,124 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इनमें से 18 साल से अधिक उम्र वाले 17,759 लोगों ने पहली और 3,938 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई। जबकि 15 से 18 साल की उम्र के 1210 किशोरों ने पहली डोज लगवाई। वहीं 1219 लोगों ने बूस्टर डोज लगवाई। जिले में अब तक 28 लाख 75 हजार 780 लोगों को पहली और 17 लाख 37 हजार 902 लोगों को दोनों डोज लग चुकी है। जबकि 15,948 किशोरों को पहली डोज व 13,782 लोगों को बूस्टर डोज लग चुकी हैं।

chat bot
आपका साथी