भाजपा कल लुधियाना में फूंकेगी चुनावी बिगुल, स्टेट काउंसिल की बैठक में बनेगी पंजाब चुनाव की रणनीति

Punjab Assembly Election 2022 भाजपा कल यानी मंगलवार को पंजाब विधानसभा का चुनावी बिगुल फूंक देगी। लुधियाना में होने वाली बैठक में चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम भी मौजूद रहेंगे।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Mon, 13 Dec 2021 10:40 AM (IST) Updated:Mon, 13 Dec 2021 08:25 PM (IST)
भाजपा कल लुधियाना में फूंकेगी चुनावी बिगुल, स्टेट काउंसिल की बैठक में बनेगी पंजाब चुनाव की रणनीति
भारतीय जनता पार्टी का चुनाव चिन्ह। सांकेतिक फोटो

कैलाश नाथ, चंडीगढ़। Punjab Assembly Election 2022: तीन कृषि कानून के वापस होने के बाद अब पिछले एक साल से भी अधिक समय से बार्डर पर बैठे किसान वापस पंजाब आ गए हैं। इसी के साथ ही भारतीय जनता पार्टी ने भी खुलकर चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर ली है। मंगलवार 14 दिसंबर को भाजपा की स्टेट काउंसिल की बैठक लुधियाना में होगी। इस बैठक में भाजपा ने 2022 के लिए शंखनाद करने का फैसला कर लिया है।

बैठक में भाजपा के चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम समेट स्टेट की लीडरशिप के अलावा ब्लाक स्तर के नेता भी होंगे। पंजाब में कोरोना व उसके बाद कृषि कानूनों को लेकर किसानों द्वारा किए गए विरोध के बाद यह पहला मौका होगा जब भाजपा खुलकर चुनाव मैदान में अपनी ताल ठोकेगी। स्टेट काउंसिल की बैठक में पार्टी ने 5000 नेताओं व कार्यकर्ताओं के पहुंचने का अनुमान लगाया है।

19 नवंबर को गुरु पर्व वाले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा तीन कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा और लोक सभा में इस बिल के वापस लेने के बाद से भी भाजपा ने संगठनात्मक रूप से अपनी गतिविधियों को तेज कर दिया था। इस बीच केंद्रीय जल शक्ति मंत्री व भाजपा के चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री व पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी के प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह से मुलाकात कर पार्टी के इरादों को स्पष्ट कर दिया था, लेकिन यह पहला मौका होगा जब भाजपा खुलकर इतनी बड़ी बैठक का आयोजन करने जा रही है, क्योंकि कृषि कानूनों के विरोध में पंजाब के किसान संगठनों भाजपा नेताओं का विरोध कर रहे थे। जिसके कारण भाजपा तकरीबन एक वर्ष से कोई भी बड़ी बैठकें नहीं कर पाई।

वहीं, पिछले छह माह से तो भाजपा की छोटी-मोटी बैठकें भी लुक-छिप कर होती थी, क्योंकि जैसे किसान संगठनों को पता चलता था वह भाजपा नेताओं का विरोध करने के लिए पहुंच जाते थे। इस दौरान भाजपा के कई नेताओं पर हमले भी किए गए। भाजपा के प्रदेश महासचिव डा. सुभाष शर्मा ने कहा कि कोरोना काल के बाद भाजपा की इतने ब़ड़े स्तर पर पहली बैठक होगी। जिसमें चुनाव को लेकर न सिर्फ मंथन होगा बल्कि पार्टी चुनावी शंखनाद भी करेगी।

भाजपा ने किया जनरल वर्ग की भूखहड़ताल का समर्थन

जनरल वर्ग की दो मांगें पहली जनरल कैटागरी आयोग की स्थापना करना तथा दूसरा जनरल वर्ग भलाई बोर्ड बनाने को लेकर श्री चमकौर साहिब में 26 नवंबर से लगातार भूख हड़ताल जारी है। इस संबंधी भाजपा के वरिष्ठ नेता विनीत जोशी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि भाजपा जनरल वर्ग की इन दो मांगों का पुरजोर समर्थन करती है। जनरल वर्ग के लिए आयोग तथा भलाई बोर्ड बनने से किसी अन्य वर्ग को कोई नुकसान नहीं होगा, बल्कि जनरल वर्ग के हर गरीब व दुखी व्यक्ति की सुनवाई होगी। इससे जनरल वर्ग के विद्यार्थियों, कर्मचारियों, किसानों, व्यापारियों, दुकानदारों तथा रेहड़ी वालों को फायदा होगा।

chat bot
आपका साथी