टोल प्लाजा पर स्थिति नियंत्रण में, फास्टैग लेन से निकले 30 फीसद वाहन

15से टोल प्लाजा पर फास्टैग अनिवार्य कर दिया गया। राहत के तौर पर 25 फीसद लेन कैश के लिए खोल दी गई।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 17 Dec 2019 05:30 AM (IST) Updated:Tue, 17 Dec 2019 06:10 AM (IST)
टोल प्लाजा पर स्थिति नियंत्रण में, फास्टैग लेन से निकले 30 फीसद वाहन
टोल प्लाजा पर स्थिति नियंत्रण में, फास्टैग लेन से निकले 30 फीसद वाहन

जागरण संवाददाता, लुधियाना : 15 दिसंबर से टोल प्लाजा पर फास्टैग अनिवार्य कर दिया गया है। लोगों को राहत के तौर पर 25 फीसद लेन कैश के लिए खोल दी गई। पहले दिन जहां लाडोवाल टोल प्लाजा पर भारी अफरा-तफरी का माहौल रहा। वहीं दूसरे दिन स्थिति काफी नियंत्रण में रही। पहले दिन जहां 25 फीसद वाहन ही फास्टैग लेन से निकल पाए थे। सोमवार को करीब 30 फीसद वाहन फास्टैग लेन से निकले। दूसरे दिन प्रबंधकों ने टोल प्लाजा पर सुरक्षा कर्मियों के साथ साइन बोर्ड भी लगाए थे और वह लोगों को फास्टैग व कैश लेन के बारे में जानकारी देते रहे। हालांकि देर शाम जालंधर से लुधियाना की तरफ की कैश लेन में वाहनों की कुछ लाइनें जरूर लगी। टोल प्लाजा प्रबंधकों की मानें तो अगले एक सप्ताह में स्थिति पूरी तरह से सामान्य हो जाएगी।

रविवार को जहां सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक करीब 20 हजार वाहन निकले थे। वहीं सोमवार को 18 हजार के करीब वाहन इन आठ घंटों में निकले। रविवार को 25 फीसद के करीब वाहन फास्टैग लेन से निकले थे, जबकि सोमवार को करीब 30 फीसद वाहन फास्टैग लेन से निकले। जालंधर की तरफ से आने वाले वाहनों को सतलुज पुल से ही टोल कर्मी लेन के बारे में जानकारी देते रहे, जबकि लुधियाना की तरफ से जाने वाले वाहनों को टोल प्लाजा से एक किलोमीटर पहले से लोगों को लेन के बारे में जानकारी दी जा रही थी, जिस वजह से फास्टैग लगे वाहन और कैश लेन वाले वाहन अपने आप अलग हो रहे थे। टोल प्लाजा प्रबंधकों ने सुरक्षा व ट्रैफिक कंट्रोल के लिए पचास से अधिक निजी सुरक्षा कर्मी लगाए गए थे और एक दर्जन के करीब पुलिस कर्मी भी तैनात रहे। टोल प्लाजा पर फास्टैग लगवाने के लिए निजी कंपनियों के साथ- साथ नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के काउंटर लगे रहे। सरकारी बसों पर लगे फास्टैग, प्राइवेट बसों ने बनाई दूरी

सरकार ने अपनी बसों पर फास्टैग एक साल पहले से लगाने शुरू कर दिए थे। अब तक सभी सरकारी बसों में फास्टैग लग चुका है। वहीं प्राइवेट बसों में अभी तक फास्टैग नहीं लगा है। रविवार को प्राइवेट बसें कैश लेन में घंटों रुकी रहीं, जबकि सरकारी बसें फास्टैग लेन से आसानी से निकल रही थीं। यही स्थिति सोमवार को भी थी। सोमवार को निजी बसें कैश लेन से निकलती रहीं और सरकारी बसें फास्टैग लेन से निकल रही थीं। पंजाब रोडवेज लुधियाना डिपो के जीएम राजेश्वर सिंह ग्रेवाल ने बताया कि रोडवेज ने पहले ही अपनी बसों पर फास्टैग लगवा दिए थे। सप्ताह भर में स्थिति हो जाएगी सामान्य

रविवार की तुलना में सोमवार को कम वाहन टोल प्लाजा पर आए। 30 फीसद के करीब वाहन फास्टैग लगे थे। उम्मीद है कि एक सप्ताह में इस आंकड़े में सुधार होगा और स्थिति पूरी तरह से सामान्य हो जाएगी।

निमिश तिवारी, डीजीएम टोल ऑपरेशन

chat bot
आपका साथी