तारी के चक्कर में उलझे दोनों पुलिस के तार

By Edited By: Publish:Sat, 23 Aug 2014 01:26 AM (IST) Updated:Sat, 23 Aug 2014 01:04 AM (IST)
तारी के चक्कर में उलझे दोनों पुलिस के तार

डोगर वर्मा, खन्ना/बरनाला : एक शख्स पर दो जिलों की पुलिस के बयान जुदा-जुदा हैं। पल-पल स्टैंड बदल रहा है। कोई समझे तो क्या समझे? जगतार सिंह तारी के चक्कर में पुलिस के तार उलझ गए लगते हैं।

खन्ना के एसएसपी हर्ष बंसल का कहना है कि ईसड़ू में मुख्यमंत्री पर जूता फेंकने की घटना से एक दिन पहले मुख्य आरोपी धनौला का विक्रम कुमार बरनाला के गगन सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर रेकी करने ईसड़ू आया था। उसने मुख्यमंत्री के सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। उसने अपने मकसद के बारे में गगन को कुछ नहीं बताया था। खन्ना पुलिस ने गगन से पूछताछ की थी। उसको भी मामला दर्ज किए बिना तारी की तरह छोड़ दिया।

दूसरी तरफ, बरनाला के उपिंदरजीत सिंह घुम्मन व धनौला थाने के प्रभारी गुरभजन सिंह से काफी प्रयास के बावजूद संपर्क नहीं होने पर डीएसपी हरपाल सिंह ने प्रतिक्रिया दी कि जगतार सिंह कि पूछताछ के लिए धनौला पुलिस ने तारी को खन्ना पुलिस के हवाले कर दिया था।

डीएसपी हरपाल के अनुसार, तफ्तीश के दौरान बहुत से लोगों को पूछताछ के लिए तफ्तीश में शामिल किया जाता है। जिस व्यक्ति के विरुद्ध प्रारंभिक जांच में कोई जुर्म साबित नहीं होता, उसे रिहा कर दिया जाता है। तो फिर जगतार तारी आठ दिनों तक कहां रहा? इसका जवाब उनके पास नहीं था।

24 घंटे पहले - पुलिस के बयान

- बरनाला के एसएसपी उपिंदरजीत सिंह घुम्मन ने कहा था कि खन्ना पुलिस ने ही तारी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। धनौला पुलिस के कर्मचारी तब उनके साथ थे। इस केस की जांच वही कर रही है।

- थाना सदर खन्ना के प्रभारी जगदेव सिंह ने कहा था कि तारी तो क्या मैंने अब तकउसको देखा तक नहीं। अगर धनौला पुलिस ने तारी को हिरासत में लिया है तो वही कुछ बता सकती है।

24 घंटे बाद -

- बरनाला के डीएसपी हरपाल सिंह ने कहा, खन्ना पुलिस ने पूछताछ के बाद तारी को कब और कहां छोड़ा, इसकी जानकारी खन्ना पुलिस ही दे सकती है। खन्ना पुलिस को सौंपने के बाद बरनाला पुलिस का तारी से कोई संपर्क नहीं रहा। वही इस केस की जांच कर रही है।

- तारी को आठ दिन कहां रखा गया? एसएसपी हर्ष बंसल बोले, उसको तो कभी गिरफ्तार ही नहीं किया गया। वह बेकसूर है। खन्ना सदर थाने के प्रभारी से संपर्क नहीं हो सका।

chat bot
आपका साथी