गुरपाल आप के जिला प्रधान बने, नेताओं ने किया विरोध

आम आदमी पार्टी के लिए चुनौतियां कम नही हो रही है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Oct 2020 07:30 AM (IST) Updated:Thu, 22 Oct 2020 07:30 AM (IST)
गुरपाल आप के जिला प्रधान बने, नेताओं ने किया विरोध
गुरपाल आप के जिला प्रधान बने, नेताओं ने किया विरोध

हरनेक सिंह जैनपुरी, कपूरथला

राज्य में खुद को तीसरे बदल के रूप में स्थापित करने की जद्दोजहद में जुटी आम आदमी पार्टी के लिए चुनौतियां कम नही हो रही है। कांग्रेस एवं अकाली दल के साथ निपटने के अलावा आप को खुद से भी जूझना पड़ रहा है। अभी हाल में आम आदमी पार्टी की तरफ से गुरपाल सिंह इंडियन को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। दूसरे ही दिन विरासती शहर के आम आदमी पार्टी के कई नेताओं की तरफ से उनका विरोध शुरू कर दिया गया। इससे एक बार फिर से विरासत जिले की आम आदमी पार्टी में घमासान शुरू हो गया है।

आम आदमी पार्टी की तरफ से 2012 से अन्ना आंदोलन से जुड़े कपूरथला निवासी गुरपाल सिंह इंडियन को शनिवार को जिला प्रधान का पद सौंपा गया। लेकिन इसके एक दो दिन पश्चात ही आम आदमी पार्टी के कई स्थानीय नेताओं की तरफ से विरोध शुरू हो गया। बुधवार को आम आदमी पार्टी कपूरथला इकाई के कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में तय किया गया कि गुरपाल सिंह ने 2017 के बाद जिला स्तर पर पार्टी की गतिविधियों पर कभी भी भाग नही लिया। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाईकमान से मांग की कि वह जल्द ही गुरपाल सिंह की नियुक्ति को रद करें और किसी अन्य सक्रिय नेता को जिला प्रभारी नियुक्त करें। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आप के प्रमुख अरविद केजरीवाल व अन्य वरिष्ठ नेताओं को भेजे गए पत्र में लिखा है कि गुरपाल सिंह का नाम पार्टी हाईकमान द्वारा सर्वेक्षण करने वालों की सूची में भी शामिल नहीं था, लेकिन उसे जिला इंचार्ज बना दिया गया। नेताओं का कहना है कि सर्वेक्षण के दौरान विभिन्न सर्वेक्षण एजेंसियों से कार्यकर्ताओं द्वारा जो नाम सामने आ रहे थे, उनमें राष्ट्रीय कवि कंवर इकबाल सिंह, गुरशरण सिंह कपूर, एडवोकेट कश्मीर सिंह साही और हरपाल सिंह ढिल्लों आदि के नाम शामिल थे। उन्होंने इन नेताओं में से ही जिला प्रभारी और अन्य पदाधिकारियों का चयन करने की मांग की।

कंवर इकबाल सिंह व अन्य नेताओं ने कहा कि कपूरथला, फगवाड़ा, सुल्तानपुर लोधी और भुलत्थ के कार्यकर्ता गुरपाल सिंह के साथ नहीं जाएंगे जब तक हाईकमान द्वारा एक सक्षम और सक्रिय नेता को पद पर नियुक्त नहीं किया जाता। उस क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को नुक्सान होगा, जिसकी जिम्मेदारी पार्टी की होगी। इस लिए पार्टी को तुरंत इस नियुक्ति को रद करना चाहिए और एक उपयुक्त नेता की नियुक्ति करनी चाहिए, ताकि उनके सक्षम नेतृत्व और मार्ग दर्शन के तहत पार्टी के संगठन को और मजबूत किया जा सके।

नियुक्ति का विरोध करने वाले परिवार के सदस्य : गुरपाल सिंह

उधर आप के नवनियुक्त जिला प्रधान गुरपाल सिंह इंडियन का कहना है कि अगर उनके किसी साथी को किसी बात को लेकर कोई गिला शिकवा है तो उसे जल्द दूर करवा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि उनकी नियुक्ति का विरोध करने वाले कोई गैर नही बल्कि उनके परिवार के सदस्य हैं जिनके साथ मिल कर उनकी शंकाओं को दूर कर दिया जाएगा। आम आदमी पार्टी जिले में पूरी तरह एकजुट होकर अकाली दल, कांग्रेस व भाजपा को टक्कर देगी।

chat bot
आपका साथी