लक्ष्य 2022 के चुनाव, प्राथमिकता संगठन की मजबूती : सुशील शर्मा

जिला भाजपा जालंधर शहरी के नए प्रधान एडवोकेट सुशील शर्मा ने नई जिम्मेवारी मिलने पर कहा है कि पार्टी ने जो विश्वास जताया है उस पर खरा उतरना है।

By Edited By: Publish:Thu, 28 May 2020 08:15 PM (IST) Updated:Fri, 29 May 2020 03:04 AM (IST)
लक्ष्य 2022 के चुनाव, प्राथमिकता संगठन की मजबूती : सुशील शर्मा
लक्ष्य 2022 के चुनाव, प्राथमिकता संगठन की मजबूती : सुशील शर्मा

जालंधर, जेएनएन। जिला भाजपा जालंधर शहरी के नए प्रधान एडवोकेट सुशील शर्मा ने नई जिम्मेवारी मिलने पर कहा है कि पार्टी ने जो विश्वास जताया है उस पर खरा उतरना है। सुशील शर्मा ने कहा कि उनका लक्ष्य 2022 के चुनाव में जीत और प्राथमिकता संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की है। अगर संगठन मजबूत रहेगा तो लक्ष्य भेदना मुश्किल नहीं होगा।

दैनिक जागरण से बातचीत में नवनियुक्त प्रधान ने कहा कि बूथ स्तर तक पार्टी वर्कर को न सिर्फ साथ जोड़ना है बल्कि उन्हें संगठन के कार्यक्रमों में सक्रिय तौर पर शामिल करना भी है। उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती के लिए सकारात्मक ऊर्जा के साथ काम करूंगा। वर्करों को उनका बनता सम्मान मिलेगा। पार्टी तभी मजबूत होती है जब उन्हें माला में पिरो कर रखा जाए। पार्टी ने यह जिम्मेवारी सौंपी है तो इसे पूरी तरह निभाने की कोशिश करूंगा। उन्होंने कहा कि संगठन में शक्ति ही सबसे बड़ी होती है और यह शक्ति कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी स्थापित नेताओं को साथ लेकर काम करूंगा। उन्होंने कहा कि किसी से कोई मतभेद नहीं है। आने वाले दिनों में जनता के मुद्दे जोरशोर से उठाएंगे और जनता की आवाज बनेंगे।

उम्मीदवार पार्टी तय करेगी, मैं चुनाव लड़ाऊंगा

साल 2022 के चुनाव में सभी विधानसभा सीटों पर पार्टी उम्मीदवारों को तय करने की भूमिका पर प्रधान सुशील शर्मा ने कहा कि यह मेरा अधिकार क्षेत्र नहीं है। उम्मीदवार पार्टी की कोर कमेटी तय करती है। मेरा काम चुनाव लड़ाना है। उम्मीदवार कौन होगा, कौन नहीं यह पार्टी देखेगी। पार्टी जो भी उम्मीदवार तय करेगी उन्हें जिताने के लिए पार्टी वर्करों को तैयार करने की जिम्मेवारी मेरी है और इस पर ही फोकस रखूंगा। पार्टी का हर वर्कर संगठन की मजबूती के लिए काम करे, यह सुनिश्चित करना मेरी जिम्मेवारी है।

कोविड पर सरकार के साथ, कमियां भी दूर करवाएंगे

प्रधान ने कहा कि इस समय पूरा देश कोरोना वायरस संक्रमण के खिलाफ लड़ रहा है। इस पर केंद्र और राज्य सरकार की जो भी गाइडलाइन्स हैं उसका पालन करवाने में सहयोग करेंगे। कोरोना वायरस को लेकर जहां कमियां रहेंगी उन्हें भी उजागर करेंगे ताकि लोगों को उनका हक मिलता रहे। शर्मा ने कहा कि हाल ही में केंद्र का भेजा अनाज जनता तक समय पर नहीं पहुंचा जिस कारण मजदूरों को पलायन करना पड़ा। ऐसी कमियों के खिलाफ आवाज उठाएंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना के दौर में जो पॉजिटिव हो सकता है वह भी करेंगे। केंद्र सरकार ने जो पैकेज घोषित किया है उसकी जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे ताकि हर व्यक्ति राहत प्राप्त कर सके। यह तभी संभव है जब वर्कर एक्टिव होंगे।

chat bot
आपका साथी