माह के अंत में भाजपा में जान फूंकने पंजाब आएंगे शाह

पंजाब विधानसभा चुनावों भाजपा की करारी हार को लेकर हाईकमान चिंतित है। पार्टी में नई जान फूंकने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह माह के अंत में पंजाब दौरे पर आएंगे।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Thu, 08 Jun 2017 12:58 PM (IST) Updated:Thu, 08 Jun 2017 12:59 PM (IST)
माह के अंत में भाजपा में जान फूंकने पंजाब आएंगे शाह
माह के अंत में भाजपा में जान फूंकने पंजाब आएंगे शाह

जेएनएन, जालंधर। पंजाब के ढाई महीने पहले हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा के अब तक के सबसे खराब प्रदर्शन के बाद इस महीने के आखिर में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पार्टी में नई जान फूंकने के लिए पंजाब आ रहे हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक अमित शाह इस महीने के आखिर में दो दिन के दौरे पर पंजाब आएंगे। हालांकि इस कार्यक्रम को अभी अंतिम रूप दिया जाना है।

प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक शाह 28 जून को अमृतसर व 29 को जालंधर में रहेंगे और इस दौरान वे पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत बनाने के लिए दिशा-निर्देश देंगे। उनके साथ मंडल स्तर से ऊपर के संगठन प्रतिनिधियों के साथ बैठक का भी प्रस्ताव है। अकाली दल के साथ गठबंधन में लड़ी भाजपा ढाई महीने पहले हुए चुनाव में अपने हिस्से की 23 में से केवल तीन फगवाड़ा, अबोहर व सुजानपुर सीटें ही जीत पाई थी। जालंधर, अमृतसर व लुधियाना सरीखे शहरों में इसे मुंह की खानी पड़ी थी।

पंद्रह साल पहले 2002 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा की यही दुर्दशा हुई थी, तब भी उसे केवल तीन सीटों पर ही जीत हासिल हुई थी। हालांकि 2002 के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साह बनाए रखा और उसके बाद 2007 के चुनाव में धमाकेदार वापसी करते हुए भाजपा 19 सीटों पर विजयी हुई थी। अमित शाह ऐसा ही उत्साह पंजाब के पार्टी वर्करों में भरने के प्रयास में सूबे में आने वाले हैं।

अगले विधानसभा चुनाव को तो अभी पौने पांच साल पड़े हैं, शाह का प्रयास होगा कि आगामी निगम चुनाव में तो भाजपा कम से कम अपनी नाक बचाने में कामयाब रहे। शाह की ओर से आने वाले समय में संगठनात्मक ढांचे में फेरबदल की भी चर्चा है। वैसे पार्टी में नई जान फूंकने के अपने इस प्रयास में वे कितना कामयाब हो पाते हैं, हो भी पाते हैं या नहीं यह तो आने वाला समय व निगम चुनावों के रिजल्ट ही बेहतर बता पाएंगे।

यह भी पढ़ें: पंजाब में किसानों की कर्ज माफी पर फिलहाल फैसला नहीं

chat bot
आपका साथी