पंजाब के शौर्य चक्र विजेता बलविंदर हत्याकांड में पिस्टल व अन्य हथियार बरामद, चार और गिरफ्तार

पंजाब के तरनतारन में हुई शौर्य चक्र विजेता बलविंदर सिंह की हत्‍या के मामले मे पुलिस ने चार और लाेगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पुलिस ने हत्‍या में प्रयुक्‍त पिस्‍टल और अन्‍य हथियार भी बरामद कर लिए हैं।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Sat, 07 Nov 2020 08:28 AM (IST) Updated:Sat, 07 Nov 2020 08:28 AM (IST)
पंजाब के शौर्य चक्र विजेता बलविंदर हत्याकांड में पिस्टल व अन्य हथियार बरामद, चार और गिरफ्तार
शौर्यचक्र विजेता बलविंदर सिंह की फाइल फोटो व उनका परिवार।

तरनतारन/ जालंधर, जेएनएन। शौर्य चक्र विजेता बलविंदर सिंह संधू की हत्या में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने हत्‍या में इस्तेमाल की गई पिस्टल बरामद कर ली है। वहीं, शूटरों को पनाह देने वाले चार लोगों को भी गिरफ्तार किया है। ये सभी गुरदासपुर के रहने वाले हैं। इससे पहले पुलिस ने वीरवार को गैंगस्टर विक्की गौंडर गिरोह के करीबी रविंदर सिंह ज्ञाना व सुखराज सिंह सुक्खा की निशानदेही पर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इनसे दो पिस्टल, एक देसी कट्टा, दो मैगजीन व तीन कारतूस बरामद किए हैं। इसमें वह पिस्टल भी शामिल है, जो शूटर गुरजीत सिंह ने बलविंदर सिंह संधू की हत्या में इस्तेमाल किया गया था।

दो पिस्टल, एक देसी कट्टा, दो मैगजीन व तीन कारतूस पकड़े

एसआइटी के सदस्य व एसएसपी ध्रुमन एच. निंबाले ने कहा कि रविंदर सिंह ज्ञाना व सुखराज सिंह सुक्खा की निशानदेही पर लुधियाना के सतनाम नगर की गली नंबर दो के जगरूप सिंह को गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से 30 बोर की पिस्टल, एक देसी कट्टा व दो मैगजीन बरामद हुई थीं। वहीं, लुधियाना के सनी कुमार को 7.65 एमएम पिस्टल व जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा गया था। एसएसपी निंबाले ने बताया कि गैंगस्टर सुखपाल सिंह सुक्खा के करीबी गांव नाथपुर (गुरदासपुर) के राजबीर सिंह राजा को पटियाला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर हिरासत में लिया गया था।

हत्या करने वाले दोनों शूटरों सुखदीप व गुरजीत के करीब पहुंची पुलिस

उधर, स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआइटी) शूटरों सुखदीप सिंह व गुरजीत सिंह के करीब पहुंचती दिख रही है। पुलिस ने दोनों शूटरों को पनाह देने वाले चार लोगों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। गौरतलब है कि 16 अक्टूबर की सुबह बलविंदर सिंह संधू की हत्या करने वाले शूटर सुखदीप सिंह व गुरजीत सिंह ने गुरदासपुर जिले के दो गांवों में पनाह ली थी। इनमें से एक गांव के आरोपितों को पुलिस ने पहचान लिया है। इनमें सु¨रदर सिंह, उसके बेटे राजिंदर सिंह के अलावा हरविंदर कौर व भजन सिंह शामिल हैं।

तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ

इस बीच पुलिस ने ए कैटेगरी के गैंगस्टर सुख भिखारीवाला के संपर्क में रहे तीन लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की है। बताया जाता है कि इन तीनों के पास सुख भिखारीवाल अपने हथियार व कैश छिपाता था।

chat bot
आपका साथी