सेंट्रल व नार्थ में भाजपा को झटका, पार्षद चट्ठा अकाली, सतीश धीर कांग्रेस में शामिल

जालंधर में भाजपा को मंगलवार को दो बड़े झटके लगे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 18 Jan 2022 08:39 PM (IST) Updated:Tue, 18 Jan 2022 08:39 PM (IST)
सेंट्रल व नार्थ में भाजपा को झटका, पार्षद चट्ठा अकाली, सतीश धीर कांग्रेस में शामिल
सेंट्रल व नार्थ में भाजपा को झटका, पार्षद चट्ठा अकाली, सतीश धीर कांग्रेस में शामिल

जागरण संवाददाता, जालंधर

जालंधर में भाजपा को मंगलवार को दो बड़े झटके लगे हैं। एक झटका अकाली दल ने तो दूसरा कांग्रेस ने दिया। लगातार पांच बार पार्षद बने मनजिदर सिंह चट्ठा को शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने मंगलवार को पार्टी में शामिल कर लिया। इससे भाजपा को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि चट्ठा की अपने इलाके में जबरदस्त पकड़ है और हमेशा ही इस इलाके से भाजपा आगे रहती रही है। इससे जालंधर सेंट्रल से अकाली दल के उम्मीदवार चंदन ग्रेवाल को फायदा मिलेगा। वहीं कांग्रेस के पूर्व मंत्री अवतार हैनरी और विधायक बावा हैनरी ने नार्थ हलके में भाजपा को तोड़ा है। भाजपा नेता सतीश धीर को साथियों समेत अवतार हैनरी ने कांग्रेस में शामिल किया। सतीश धीर की पत्नी पार्षद रही हैं।

दोपहर को सुखबीर सिंह बादल और जालंधर सेंट्रल हलके से पार्टी उम्मीदवार चंदन ग्रेवाल ने मनजिदर सिंह चट्ठा के आफिस पहुंच कर साथियों समेत अकाली दल में शामिल किया। करीब दो महीने पहले भी मनजिदर सिंह चट्ठा को अकाली दल में शामिल करने की कोशिश की गई थी, लेकिन तब भाजपा नेताओं ने दबाव डाल कर रोक लिया था। मंगलवार को भी जब सुखबीर सिंह बादल ने मनजिदर सिंह चट्ठा को अकाली दल की सदस्यता दिलाई तो उसके कुछ देर बाद ही भाजपा के सीनियर नेता एवं पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया चट्ठा के आफिस पहुंच गए और उन्हें भाजपा में ही रहने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। चट्ठा ने स्पष्ट कर दिया कि वह अब अकाली दल में हैं और भाजपा में वापसी नहीं करेंगे। चट्ठा ने कहा कि मनोरंजन कालिया का एक दोस्त और पुराने साथी के रूप में स्वागत है, लेकिन अब वह अकाली दल में जा चुके हैं और दोनों के राजनीतिक रास्ते अलग-अलग हैं। हालांकि कालिया ने कहा है कि मनजिदर सिंह चट्ठा को दबाव डालकर अकाली दल में शामिल किया गया है और वे उन्हें मनाने की कोशिश करते रहेंगे। ढल्ल के गढ़ में है सतीश धीर का आधार, हैनरी को मिलेगा फायदा

भारतीय जनता पार्टी अभी तक नार्थ हलके में अपना उम्मीदवार तय नहीं कर पाई है, लेकिन इस बीच पार्टी के सीनियर नेता सतीश धीर ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार दिनेश ढल्ल के गढ़ में सतीश धीर का बड़ा आधार है और इससे कांग्रेस उम्मीदवार बावा हैनरी को फायदा मिलेगा। सतीश धीर और दिनेश ढल्ल में भी 36 का आंकड़ा है। चार दिन पहले ही आप के नार्थ हलके के इंचार्ज जोगिदरपाल शर्मा ने भी कांग्रेस का दामन थाम लिया था। सतीश धीर पहले कांग्रेस में ही होते थे, लेकिन पिछले लंबे समय से भाजपा से जुड़े थे और उनकी पत्नी पार्षद भी रही हैं। सतीश धीर ने कहा कि नार्थ हलके में जूनियर अवतार हैनरी ने जिस प्रकार क्षेत्र का विकास करवाया है, उससे प्रभावित होकर कांग्रेस में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होना उनकी सबसे बड़ी भूल थी। अवतार हैनरी ने कहा कि सतीश धीर एक सूझवान नेता हैं और उन्होंने पूर्ण यकीन दिलाया कि कांग्रेस में उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। इस दौरान पार्षद पति कुलदीप भुल्लर, पार्षद पति सलिल बाहरी, दर्शन कपूर टिल्लू, राकेश कपूर टिल्लू, दीपक शर्मा, रोक्की चौहान, मानव कुमार, मनु कपूर, नन्नू धीर, वरुण धीर, सुमित बेरी, पवन कपूर गोरा, अश्वनी गुप्ता, हैप्पी सागर, शुभम चौहान, सुनील बब्बू, संजू नारंग, राजकुमार शर्मा, नरिदर नूरी, सतीश रलहन मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी