LPG Cylinder Price Hike : महीने के पहले दिन मंहगाई की मार, जालंधर में सिलेंडर 914.50 रुपये का हुआ

LPG Cylinder Price Hike सितंबर महीने की शुरुआत आम आदमी के लिए महंगाई के तड़के के साथ हुई है। सरकारी तेल कंपनियों ने घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में फिर बढ़ोतरी कर दी है। पेट्रोल-डीजल के बाद एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से आम आदमी को झटका लगा है।

By Vinay KumarEdited By: Publish:Wed, 01 Sep 2021 12:58 PM (IST) Updated:Wed, 01 Sep 2021 12:58 PM (IST)
LPG Cylinder Price Hike : महीने के पहले दिन मंहगाई की मार, जालंधर में सिलेंडर 914.50 रुपये का हुआ
जालंधर में सिलेंडर के रेट में बढ़ोतरी हुई है।

आनलाइन डेस्क, जालंधर। सितंबर महीने की शुरुआत आम आदमी के लिए महंगाई के तड़के के साथ हुई है। खाद्य तेल और रसोई के अन्य जरूरी सामान में बढ़ोतरी और मंहगे पेट्रोल डीजल के बाद अब सरकारी तेल कंपनियों ने घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में फिर बढ़ोतरी कर दी है। बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलो के घरेलू गैस सिलेंडर के दाम करीब 25 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। वहीं, 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर करीब 75 रुपये तक महंगा हो गया है। नए दाम आज से ही लागू कर दिए गए हैं। जालंधर में घरेलू गैस सिलेंडर का दाम बढ़कर 914.50 रुपये हो गया है। पहले यह करीब 889.50 रुपये का मिलता था। वहीं, बड़ा कमर्शियल गैस सिलेंडर अब 1767.50 रुपये का मिलेगा। अभी तक ये 1690.50 रुपये में मिल रहा था।

लुधियाना में इस रेट में मिलेगा सिलेंडर

अगर, लुधियाना की बात करें तो वहां घरेलू गैस सिलेंडर 911.50 रुपये का मिलेगा। तेल कंपनियों ने बिना सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 1 सितंबर से 25 रुपये बढ़ा दी है। 

लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी का जीना मुश्किल

पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर के रेट लगातार बढ़ने से आम आदमी का जीना मुहाल हो गया है। कोरोना काल में नौकरी और कारोबार गंवाने वाले शहर के लोगों ने इसे लेकर रोष जाहिर किया है। उनका कहना है कि केंद्र और राज्य सरकार राहत देने के बजाए लगातार महंगाई बढ़ाती जा रही हैं। कभी पेट्रोल के रेट बढ़ा दिए जाते हैं तो कभी सिलेंडर के। सरसों के तेल, दूध, आदि सहित खाने-पीने की चीजों के दाम भी बेलगाम हो चुके हैं। एक महीने में रसोई गैस सिलेंड के दाम दो से तीन बार बढ़ने से लोग सरकार को कोस रहे हैं।

दिल्ली में सिलेंडरों के ये रेट

दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर 884.50 रुपये में मिलेगा। वहीं, कमर्शियल सिलेंडर अब करीब 1693 रुपये में दिया जाएगा। बता दें कि पिछले 15 दिन में पचास रुपये प्रति सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं।

chat bot
आपका साथी