उत्तराखंड से जुड़े जालंधर में हेरोइन तस्करी के तार, किंगपिन सर्बजोत की गिरफ्तारी के लिए छापामारी

जालंधर पुलिस की जांच में सामने आया कि गुरसेवक सिंह मूल रूप से मोहल्ला अवास विकास थाना गदरपुर जिला ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड) का रहने वाला है। वहां बैठे तस्करों के साथ भी उसके संपर्क बताए जा रहे हैं।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Sun, 10 Jan 2021 05:19 PM (IST) Updated:Sun, 10 Jan 2021 05:19 PM (IST)
उत्तराखंड से जुड़े जालंधर में हेरोइन तस्करी के तार, किंगपिन सर्बजोत की गिरफ्तारी के लिए छापामारी
जालंधर पुलिस ने हेरोइन तस्करों की तलाश में कई जगह छापामारी की है। (सांकेतिक फोटो)

जालंधर, जेएनएन। मकसूदां में बिना नंबर की पोलो गाड़ी में हेरोइन सप्लाई के लिए निकले गुरसेवक सिंह के तार उत्तराखंड से जुड़े हैं। पुलिस की जांच में सामने आया कि गुरसेवक सिंह मूल रूप से मोहल्ला अवास विकास, थाना गदरपुर, जिला ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड) का रहने वाला है। वहां बैठे तस्करों के साथ भी उसके संपर्क बताए जा रहे हैं। उसके पास से पुलिस को पचास ग्राम हेरोइन मिली थी। पुलिस ने उसे भी रिमांड पर लिया है और उससे सप्लाई देने और लेने वालों के बारे में पूछताछ की जा रही है।

वहीं, दूसरे मामले में हेरोइन तस्करी के किंगपिन सुभाष नगर के सर्बजोत सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उसके घर सहित कई ठिकानों पर छापामारी की लेकिन वह हाथ नहीं लगा। पुलिस ने उसके कई रिश्तेदारों और जानकारों से भी पूछताछ की है। सभी से उसके पते ठिकाने ले लिए हैं। पुलिस ने शनिवार को सर्बजोत सिंह के सप्लायार अशोक कुमार उर्फ टिंकू को दो दिन के रिमांड पर लिया था। उससे पूछताछ जारी है। टिंकू के बताए कई ठिकानों पर भी पुलिस ने छापेमारी की लेकिन सफलता नहीं मिली। वहीं पुलिस ने कई संदिग्धों को भी राउंडअप करके उनसे पूछताछ की है। उनके संबंध सर्बजोत और टिंकू के साथ थे।

वहीं, टिंकू से पुलिस ने सप्लाई लेने वाले लोगों के बारे में भी पूछताछ की है। पुलिस को कई लोगों के नाम पते मिले हैं जिनकी जल्द ही इस मामले में गिरफ्तारो हो सकती है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सर्बजोत के लिंक जालंधर ही नहीं बल्कि पूरे पंजाब और पंजाब के बाहर बैठे नशा तस्करों के साथ भी थे। जल्द ही पुलिस इस मामले में और लोगों की गिरफ्तारी दिखा सकती है।

यह है मामला

शनिवार को सीआईए स्टाफ देहात की टीम ने डेढ़ सौ ग्राम हेरोइन सहित अलग-अलग जगह से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया था। एक अमन नगर का अशोक कुमार उर्फ टिंकू था जबकि दूसरा मकसूदां का गुरसेवक सिंह। सीआईए देहात के प्रभारी पुष्प बाली ने बताया था कि सूचना पर उन्होंने भोगपुर के पास नाकाबंदी कर दी। इस दौरान वहां से एक्टिवा पर सवार एक युवक को रोका तो उसने अपना नाम अशोक कुमार उर्फ टिंकू बताया। तलाशी में उसके पास से सौ ग्राम हेरोइन मिली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया तो पता चला कि वो सर्बजोत सिंह के लिए काम करता है और उसी के कहने पर भोगपुर में सप्लाई के लिए निकला था। पुलिस ने उसकी एक्टिवा भी जब्त कर लिया। वहीं, मकसूदां में बिना नंबर की पोलो गाड़ी में जा रहे गुरसेवक सिंह को पचास ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। वह हेरोइन की सप्लाई देने निकला था। दोनों पर मामला दर्ज कर लिया गया था।

chat bot
आपका साथी