Punjab Politics: भाजपा ने जालंधर में सजाई डमी विधानसभा, जाखड़ बोले- प्रदेश में कानून व्यवस्था का बुरा हाल

Punjab BJP News पंजाब की आप सरकार के विरोध में भाजपा ने जालंधर में डमी विधानसभा सत्र शुरू कर दिया है। इसमें हिस्सा लेने भाजपा नेता सुनील जाखड़ पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया सहित कई बड़े नेता पहुंचे हुए हैं।

By Manoj TripathiEdited By: Publish:Fri, 30 Sep 2022 12:10 PM (IST) Updated:Fri, 30 Sep 2022 12:10 PM (IST)
Punjab Politics: भाजपा ने जालंधर में सजाई डमी विधानसभा, जाखड़ बोले- प्रदेश में कानून व्यवस्था का बुरा हाल
जालंधर में शुक्रवार को भाजपा की डमी विधानसभा में बोलते हुए सुनील जाखड़।

मनोज त्रिपाठी, जालंधर। पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने चंडीगढ़ में जहां विशेष विधानसभा सत्र बुलाया है तो इधर भाजपा ने जालंधर में डमी विधानसभा सजाकर इसका विरोध शुरू कर दिया है। पूर्व विधायक केवल ढिल्लों को स्पीकर बनाया गया है जबकि जालंधर से भाजपा नेता रमन पब्बी को सचिव की कुर्सी पर बिठाया गया है। डमी विधानसभा सत्र का नाम भाजपा ने जनता की विधानसभा रखा है।

वेल में भाजपा नेता सुनील जाखड़, पूर्व विधायक केडी भंडारी, पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया, जालंधर कैंट के पूर्व विधायक सरबजीत सिंह मक्कड़ और अविनाश चंद्र पहुंचे हैं। मौके पर पूर्व मेयर सुनील ज्योति के अलावा भाजपा जिला प्रधान सुशील शर्मा भी पहुंचे। 

असली विधानसभा में लोगों का पैसा बर्बाद किया जा रहाः प्रदेश प्रधान

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रधान श्री शर्मा ने कहा कि यह जनता की विधानसभा विधानसभा है। यहां पर जनता के मुद्दे उठाए जा रहे हैं, जबकि जो विधानसभा असली है और चल रही है वहां पर झूठ के पुलिंदे ले जा रहे हैं। जनता के मुद्दे हल करने के बजाय विश्वास मत हासिल करने के लिए सदन बुलाया गया। वहां लोगों का पैसा बर्बाद किया जा रहा है।

देश और पंथ की चिंता करते हैं पीएम मोदी

अश्विनी शर्मा ने कहा कि गरीब मजदूर व पंजाब तथा देश की अगर कोई चिंता करता है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। पंथ की अगर कोई चिंता करता है तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। उन्होंने कहा कि डीसीपी नरेश डोगरा के साथ जो कुछ हुआ, वह निंदनीय है। जो पुलिस अपने अधिकारी की सुरक्षा नहीं कर सकती, वह लोगों की सुरक्षा कहां से करेगी।

सुनील जाखड़ बोले सरकार डीजीपी, मुख्य सचिव व एडवोकेट जनरल को भी कुछ नहीं समझती है। 3 महीने में तीनों बदल दिए। उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। प्रदेश की सबसे बड़ी समस्या इस समय कानून व्यवस्था है। इसीलिए, सरकार लोगों को कानून व्यवस्था के मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। तमाम प्रकार के झूठे मुद्दे में उलझाकर उन्हें गुमराह कर रही है। मोदी सरकार पर अंगुली उठाने के बजाए आप सरकार को इस पर काम करना चाहिए कि हमारा युवा गुमराह होकर गैंगस्टर न बने।

जालंधर में आयोजित डमी विधानसभा में बोलते हुए भाजपा नेता मनोरंजन कालिया। 

अविनाश राय ने कहा कि आप सरकार ने झूठ में पीएचडी कर ली है। विधायकों की सेल लगाकर दूसरों को बदनाम कर रही है। पूर्व विधायक सरबजीत सिंह मक्कड़ ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने जनता के पैसों का दुरुपयोग किया। यह सरकार पंजाब में गैंगस्टर पैदा करती है। इससे लोगों के दिलों में डर बैठ गया है। 

पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया ने कहा कि इस सरकार के पास सरकार चलाने का तरीका ही नहीं है। केंद्र सरकार से कनक ले रहे हैं और उसका आटा तैयार करवाकर लोगों को देते हैं। इसी प्रकार दिल्ली की शराब पंजाब में लागू करने की कोशिश पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी। सेहत मंत्री को कुछ पता ही नहीं है। कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। डीसीपी को पीटा जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों को जिम्मेदार पदों पर तैनात किया गया है, उनके बारे में सभी को पता है। जिसका काम उसी को साजे, दूजा करे तो डंडा बाजे। यही हाल अधिकारियों की तैनाती का है। विजिलेंस चीफ सहित कई दागी अधिकारियों की तैनाती सरकार ने की है। 

डमी विधानसभा में बोलते हुए भाजपा नेता किशन लाल शर्मा। 

भाजपा नेता मोहिंदर भगत ने कहा कि शराब बेचने वाले, नशा बेचने वाले, लाटरी खिलाने वाले और जेबकतरे विधायक बन गए हैं। ऐसी सरकार का क्या होगा। केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि सरकार ने किसानों से जो वायदे किए थे, वह पूरे नहीं हुए। इसकी वजह से किसान सड़कों पर उतरने को मजबूर हो गए हैं। किसानों के मुद्दे को गंभीरता से लेना होगा। किसानों की वजह से ही पंजाब है।

रंजीत सिंह को खोजेवाल ने कहा कि सरकार ने किसानों से झूठे वादे किए और उन्हें धोखा दिया। किसानों को भी हक नहीं दिया जा रहा। पानी के मुद्दे पर भी सरकार गुमराह कर रही है।  जीवन गुप्ता बोले पंजाब में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। अगर अभी नहीं संभाला तो दोबारा पंजाब काले दौर में चला जाएगा। दीवान अमित अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार के विधायक, जिनको सरकार इक्के कहती है वह हकीकत में छक्के भी नहीं बल्कि चक्के हैं। वे डीसीपी के साथ मारपीट करते हैं। महिला डाक्टर के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। 

भाजपा नेता किशन लाल शर्मा ने कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में डीसीपी की पिटाई होती है। खुलेआम चिट्ठे और लाटरी का व्यापार हो रहा है। जालंधर के पुलिस कमिश्नर और डीजीपी को तत्काल बर्खास्त कर देना चाहिए।

chat bot
आपका साथी