सिविल अस्पताल में भिड़े निजी एंबुलेंस चालक, मारी तलवार

संवाद सहयोगी, जालंधर सिविल अस्पताल में वीरवार को सवारी को लेकर निजी एंबुलेंस चालक भिड़ गए। इस दौरान

By Edited By: Publish:Thu, 03 Sep 2015 10:06 PM (IST) Updated:Thu, 03 Sep 2015 10:06 PM (IST)
सिविल अस्पताल में भिड़े निजी एंबुलेंस चालक, मारी तलवार

संवाद सहयोगी, जालंधर

सिविल अस्पताल में वीरवार को सवारी को लेकर निजी एंबुलेंस चालक भिड़ गए। इस दौरान एक चालक ने तलवार से हमला कर दिया, जिसमें एक चालक घायल हो गया। दोनों एंबुलेंस चालकों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं।

सिविल अस्पताल में दाखिल बलदेव नगर निवासी विक्की पुत्र मदन लाल ने बताया कि बुधवार को रेलवे के गेटमैन की हत्या के बाद जीआरपी ने गेटमैन का शव सिविल अस्पताल में भेजा था। उसका पोस्टमार्टम हो जाने के बाद शव को उत्तरांचल ले जाना था। इस मामले में उनके परिजन से बात हो गई थी। वीरवार को सुक्खी नामक एंबुलेंस चालक ने मृतक के परिजनों को भड़का दिया तथा खुद शव ले जाने को कहने लगा। इस बात का विरोध करने पर उसने अपनी एंबुलेंस से तलवार निकाल उस पर हमला कर दिया। उसके साथ चार साथी भी थे। बाद में सुक्खी वहां से भाग निकला। थाना चार की पुलिस ने एंबुलेंस व तेजधार हथियार बरामद कर कब्जे में ले लिए हैं। उधर, अजीत नगर निवासी सुखविंदर सुक्खी ने कहा कि उस पर झूठे आरोप लगाए गए हैं। उसका आरोप था कि विक्की उसके पास से सवारी भेजने के लिए दो हजार की कमीशन मांग रहा था। उसने कहा कि उसकी मृतक के परिजनों से सीधी बात हुई तो उन्होंने कहा कि वह कमीशन नहीं देंगे। इसी बात को लेकर विक्की ने उसके साथ हाथापाई की। सुक्खी ने कहा कि बरामद हथियार उसके नहीं हैं। दूसरे पक्ष ने उसकी गाड़ी में रखे हैं। थाना चार के प्रभारी परमजीत सिंह का कहना था कि उनके पास एमएलआर आई है। पुलिस जांच कर रही है। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

सिविल अस्पताल में निजी एंबुलेंस की पार्किग पर पाबंदी

इस घटना के बाद सिविल अस्पताल में निजी एंबुलेंस की पार्किंग पर पाबंदी लगा दी गई। मेडिकल सुपरिंटेंडेंट बीना पॉल ने सिविल अस्पताल की पुलिस चौकी के इंचार्ज तथा सुरक्षा कर्मचारियों को आदेश जारी दिया कि मरीजों को लाते-ले जाते जाते समय ही निजी एंबुलेंस सिविल अस्पताल परिसर में लाए जाएंगे। सिविल सर्जन डॉ. कैलाश कपूर ने कहा कि अस्पताल परिसर में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं होगी। जब वह मेडिकल सुपरिंटेंडेंट थे तो परिसर में निजी एंबुलेंस की पार्किग पर पाबंदी लगाई थी।

chat bot
आपका साथी