फूंका अमित शाह का पुतला

जागरण संवाददाता, जालंधर : भाजपा राष्ट्रीय एससी मोर्चा कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक को पहले दिन ही भ

By Edited By: Publish:Thu, 21 May 2015 09:56 PM (IST) Updated:Fri, 22 May 2015 04:47 AM (IST)
फूंका अमित शाह का पुतला

जागरण संवाददाता, जालंधर : भाजपा राष्ट्रीय एससी मोर्चा कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक को पहले दिन ही भारी विरोध का सामना करना पड़ा। एक तरफ यूथ कांग्रेस ने विरोध कर गिरफ्तारी दी। तो दूसरी ओर जालंधर शहरी कांग्रेस एससी विभाग के चेयरमैन जगदीश रात समराय की अगुवाई में सुबह 11 बजे प्रेस क्लब चौक पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रधान अमित शाह का पुतला फूंक कर रोष-प्रदर्शन किया गया। समराय ने कहा कि अमित शाह दलितों की समस्या सुनने से घबरा रहे हैं, तभी दो बार तिथि बदलने के बावजूद कार्यकारिणी की बैठक में नहीं आए। दलितों का हितैषी बताने वाली भाजपा दलित वर्ग को गुमराह कर रही है। केंद्र से दलित स्कीम के लिए मिली 6764 करोड़ की ग्रांट का पंजाब सरकार ने दुरुपयोग किया, लेकिन भाजपा के किसी दलित मंत्री, विधायक या भाजपा नेता ने आवाज नहीं उठाई।

प्रदर्शन के दौरान अतुल चड्ढा, हरविंद्र सिंह डिंपल, बलबीर कौर सूंड, डॉ. मंजीत सिंह सरोया, पवन जक्खू, अश्विनी जरेवाल, डॉ. हरभजन मान, वरिंद्र कुमार काली, रेशम सिंह, आशीष ग्रोवर, संदीप, हंसराज व अन्य मौजूद थे।

उधर, पंजाब सफाई मजदूर फेडरेशन के प्रधान चंदन ग्रेवाल, पंजाब सीवरमैन इंप्लाइज यूनियन के प्रधान पवन बावा, निगम कर्मचारी तालमेल कमेटी के चेयरमैन पवन अग्निहोत्री की अगुवाई में समूह कर्मचारियों ने होटल स्काईलार्क के बाहर सुबह 11 बजे काले झंडे दिखाकर भाजपा राष्ट्रीय एससी मोर्चा के उपाध्यक्ष हरिशंकर महोर का पुतला फूंका। रोष था कि महोर ने अपने बयान में पंजाब के दलितों को संपन्न बताया था। चंदन ग्रेवाल ने कहा कि सिर्फ विजय सांपला व भगत चूनी लाल के मंत्री बनने से दलितों का उत्थान नहीं होगा। भाजपा की नीतियां दलित विरोधी हैं, जो ठेका प्रथा लागू कर वाल्मीकि समाज को बेरोजगार कर रही हैं। पहले सॉलिड वेस्ट लागू किया और अब नौकरियों पर रोक लगाने को आमादा हैं।

फोटो : 59

डिप्टी सीएम व कमल शर्मा का पुतला फूंका

जागरण संवाददाता, जालंधर : पंजाब सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल पर सैस लागू करने के विरोध में जालंधर शहरी व देहाती कांग्रेस तथा यूथ कांग्रेस ने वीरवार को तहसील कांप्लेक्स के सामने शाम पांच बजे डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल व पंजाब भाजपा के प्रधान कमल शर्मा का पुतला फूंका। जिला प्रधान राजिंदर बेरी व जगबीर सिंह बराड़ ने कहा कि केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल के रोजाना कीमतें बढ़ा रही हैं, तो अकाली-भाजपा सरकार उस पर सैस लगाकर जनता को तबाह करने पर तुली है। लोकसभा यूथ कांग्रेस प्रधान काकू आहलुवालिया ने कहा कि पहले प्रॉपर्टी टैक्स, फिर बिजली दर में बढ़ोतरी और अब सैस लगा दिया। प्रदर्शन के दौरान डॉ. मंजीत सिंह सरोया, मनजिंदर जौहल, अमृत खोसला, अजय लक्की, राजकुमार राजू, डॉ. सुनील शर्मा सहित भारी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे।

फोटो : 55

लगा रहा ट्रैफिक जाम

होटल स्काईलार्क में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की आवाजाही को लेकर कई बार ट्रैफिक रोका गया। खासकर निगम यूनियन के प्रदर्शन के दौरान सर्किट हाउस रोड करीब आधा घंटा बंद रहने से नामदेव चौक तक वाहनों की कतारें लगी रही।

वैंकेया नायडू को घेरने पहुंचे बजाज

जालंधर : कैबिनेट मंत्री भगत चूनी लाल के पीए रमेश कुमार पर 15 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाने वाले घास मंडी निवासी जगदीश बजाज के स्काईलार्क होटल पहुंचने पर खूब अफरा-तफरी मची। बजाज वैंकेया नायडू का घेराव कर इंसाफ मांगने पहुंचे थे, लेकिन भाजपा नेताओं ने बड़ी मशक्कत से बजाज को पुलिस से कार्रवाई का आश्वासन देकर जान छुड़ाई।

chat bot
आपका साथी