चाइनीज डोर के खिलाफ जागरण के अभियान के साथ जुड़ गईं समाजसेवी सोसायटियां

प्रतिबंधित चाइनीज डोर की बिक्री शहर में खूब हो रही है और प्रशासन इस पर रोक लगाने में असमर्थ दिख रहा है। दैनिक जागरण की चाइनीज डोर के खिलाफ छेड़ी मुहिम में अब शहर की समाजसेवी संस्थाएं भी जुड़ने लगी हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 10 Jan 2021 08:03 PM (IST) Updated:Mon, 11 Jan 2021 05:29 AM (IST)
चाइनीज डोर के खिलाफ जागरण के अभियान के साथ जुड़ गईं समाजसेवी सोसायटियां
चाइनीज डोर के खिलाफ जागरण के अभियान के साथ जुड़ गईं समाजसेवी सोसायटियां

जागरण संवाददाता, होशियारपुर : प्रतिबंधित चाइनीज डोर की बिक्री शहर में खूब हो रही है और प्रशासन इस पर रोक लगाने में असमर्थ दिख रहा है। दैनिक जागरण की चाइनीज डोर के खिलाफ छेड़ी मुहिम में अब शहर की समाजसेवी संस्थाएं भी जुड़ने लगी हैं। संस्थाओं के सदस्यों ने लोगों को इसके घातक परिणामों के लिए जागरुक करने के लिए अभियान छेड़ने की बात कही है ताकि लोगों खास तौर पर बच्चों को इसके खिलाफ जागरुक किया जा सके। देखने में आया है कि आज तक जितने भी इस डोर के कारण हादसे हुए उसमें ज्यादातर बच्चे ही थे क्योंकि, सीधे तौर पर बच्चे ही पतंगबाजी में इसका प्रयोग करते हैं। वहीं अभिभावकों को भी जागृत होने की जरूरत है कि वह बच्चों को इस घातक डोर से दूर रख सकें। बच्चों की जिद के आगे अभिभावक झुकते हैं और इसे पूरा करने के लिए अपनी सहमति से ही यह डोर लेकर उन्हें दे देते हैं जो बाद में बच्चों के साथ-साथ जीव जंतुओं के लिए घातक साबित होती है। आम लोगों के लिए यह खतरनाक तो है ही, लेकिन सबसे घातक यह उन बेजुबान परिदों के लिए होती है जो इसमें उलझ कर जान गवां बैठते हैं। चाहे प्रशासन ने इसकी खरीद पर पक्के तौर पर प्रतिबंध लगाया है, लेकिन जब तक इसके खिलाफ आम लोग जागरूक नहीं होते तब तक इसका प्रयोग कम नहीं हो सकेगा।

नई सोच संस्था करवाएगी देसी मांझे से पतंगबाजी के मुकाबले : अश्वनी गैंद

चाइनीज डोर के खिलाफ दैनिक जागरण के छेड़े गए अभियान के समर्थन में नई सोच संस्था आगे आई है। संस्था के संस्थापक अश्वनी गैंद ने बताया कि वह बच्चों को जागरूक करने के लिए जल्द ही एक प्लानिग तैयार कर रहे हैं जिसकी रूपरेखा बनाने के लिए संस्था के अन्य सदस्यों के साथ मीटिग की जाएगी। उन्होंने बताया कि एक तो चाइनीज डोर के खिलाफ बच्चों को जागरूक किया जाएगा, वही इस साल पतंगबाजी का मुकाबला करवाएंगे जिसमें बच्चों को केवल देसी मांझे से ही पतंगबाजी करवाई जाएगी ताकि बच्चे चाइनीज डोर से दूर हो और देसी मांझे को बढ़ावा मिल सके। स्कूल प्रबंधकों के बात कर आनलाइन करेंगे जागरूक : संजीव अरोड़ा

भारतीय विकास परिषद के स्टेट कन्वीनर संजीव अरोड़ा ने दैनिक जागरण के चाइनीज डोर के खिलाफ छेड़े अभियान की सराहना की और कहा कि जागरण का यह अभियान जन कल्याण के लिए है। उन्होंने कहा कि अभी स्कूल पूरी तरह से खुले नहीं है इसलिए वह स्कूल प्रबंधकों से बात करके आनलाइन बच्चों को इसके खिलाफ जागरूक करेगें ताकि बच्चे इसे न खरीदें। चलाएंगे विशेष अभियान ताकि : आज्ञा पाल सिंह

इस संबंध में सरबत दा भला संस्था के जिला अध्यक्ष आज्ञा पाल सिंह साहनी ने कहा कि दैनिक जागरण के इस जन कल्याण के कार्य में संस्था उनके साथ है। वह इस डोर के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करेंगे ताकि वह अपने बच्चों को चाइनीज डोर न लेकर दें। यह घातक है, पर अभिभावक चाव चाव में अपने बच्चों के हाथ में चाइनीज डोर थमा देते हैं जो बाद में हादसों का कारण बन जाती है। जागरण के अभियान में देंगे पूरा सहयोग : तरसेम मोदगिल

होशियारपुर वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष तरसेम मोदगिल ने जहां दैनिक जागरण के अभियान की सराहना की वहीं इसमें पूरी मदद करने का एलान भी किया। उन्होंने कहा कि उनकी सोसायटी चाइनीज डोर के खिलाफ लोगों को जागरूक करेगी ताकि बच्चे इसे न खरीदें। उन्होंने इस दौरान दुकानदारों से भी अपील की कि वह अपने चंद मुनाफे के लिए यह गलत डोर न बेचें। डोर किसी को देखकर घायल नहीं करती। घायल होने वाले वह खुद भी हो सकते हैं।

chat bot
आपका साथी