ढाई घंटे लेट पहुंचे कैबिनेट मंत्री, सिविल अस्पताल में बच्चों को लेकर बैठी रही महिलाएं

कैबिनेट मंत्री ने परेशान किए नवजात। रविवार को सिविल अस्पताल में बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने के लिए बनाए बूथ पर बच्चों को लेकर आए परिजन सुबह ही परेशान होते रहे।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 19 Jan 2020 11:30 PM (IST) Updated:Sun, 19 Jan 2020 11:30 PM (IST)
ढाई घंटे लेट पहुंचे कैबिनेट मंत्री, सिविल अस्पताल में बच्चों को लेकर बैठी रही महिलाएं
ढाई घंटे लेट पहुंचे कैबिनेट मंत्री, सिविल अस्पताल में बच्चों को लेकर बैठी रही महिलाएं

नीरज शर्मा, अभिषेक भाटिया, होशियारपुर

कैबिनेट मंत्री ने परेशान किए नवजात। रविवार को सिविल अस्पताल में बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने के लिए बनाए बूथ पर बच्चों को लेकर आए परिजन सुबह ही परेशान होते रहे।

बूथ का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा ने करना था। सुबह आठ बजे अपने बच्चों को लेकर बूथ पर महिलाएं पहुंची तो उन्हें यह कर बूथ में ही बिठा लिया गया कि जल्दी ही कैबिनेट मंत्री आ रहे हैं और वह उद्घाटन करेंगे। फोटो भी होगी। जब-तक उद्घाटन नहीं होता, तब-तक दवा नहीं पिलाई जाएंगी। महिलाओं को मंत्री का इंतजार करने के लिए बिठा दिया गया। उनके साथ-साथ मंत्री का इंतजार स्टाफ भी करने लगा। आठ बजे से इंतजार करते-करते साढ़े नौ बज गए, लेकिन मंत्री जी नहीं आए। लोगों के हावभाव से रोष झलकने लगा। महिलाओं ने एक बार फिर दवा पिलाने की बात की तो उन्हें फिर बिठा दिया गया। इंतजार करने वालों में कुछ महिलाओं तो ऐसी थी, जिनकी गोद में दो दिन के बच्चे थे और ठंड में वह बच्चों को लेकर बैठी रहीं। दस बज गए, लेकिन कैबिनेट मंत्री फिर भी नहीं पहुंचे।

लोगों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। इसके बाद कुछ महिलाओं के बच्चों को बूंदें पिलाईं गई और वह चुपचाप चली गईं। अभी भी स्टाफ बाकी बची महिलाओं को दिलासा दे रहा था कि मंत्री थोड़ी देर में आ रहे हैं। फोटो करानी है। महिलाएं विवश थीं, चूंकि बच्चों को दवा जो पिलानी थी। करीब 10 बजकर 18 मिनट पर कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दो बच्चों को पोलियो रोधी बूंदें पिलाईं। फोटो कराई और वहां के करीब पांच मिनट बाद यानी 10 बजकर 23 मिनट पर चले भी गए। महिलाओं में था रोष कहा बार-बार कहने पर भी नहीं पिलाईं बूंदे

सुबह आठ बजे से अपने बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने के लिए पहुंची महिलाओं में इसको लेकर खासा रोष था। मौके पर मौजूद बिमला देवी, रानी सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि उनके परिवारिक महिला सदस्य जोकि गायनी वार्ड में दाखिल हैं वह उनके साथ अस्पताल में थीं। डॉक्टरों की टीम उन्हें नवजात बच्चों के साथ यहां पर सर्दी में ले आए और कहा कि आज पोलियो रोधी बूंदे पिलानी है बूथ पर जाना है। वह एक घंटे से ऊपर इंतजार कर रहे हैं लेकिन अभी तक कोई नहीं आया। बच्चे भूख से बिलख रहे हैं पर हमें जाने नहीं दिया जा रहा और न ही बच्चों को पोलियो रोधी बूंदे पिलाई जा रही हैं। मुझे तो साढे़ नौ बजे का समय बताया था: अरोड़ा

मौके पर मौजूद लोगों में सुबह-सुबह हुई इस परेशानी को लेकर खासा रोष था। लोगों ने इस बात का विरोध भी जताया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। मीडिया कर्मियों ने जब कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा से पूछा तो मंत्री अरोड़ा ने जवाब दिया कि उन्हें समय ही साढे नौ बजे का दिया था। इसमें उनका क्या कसूर।

हमने नौ बजे का समय दिया था : टीकाकरण अधिकारी

टीकाकरण अधिकारी डॉ. गुरदीप सिंह कपूर ने कहा कि हमने तो नौ बजे का समय दिया था। मंत्री जी क्यों लेट हुए उन्हें कुछ पता नहीं है। जब डॉक्टर से पोलियो रोधी दवा न पिलाने का कारण पूछा तो वह एक दम पल्ला झाड़ गए और कहा कि उन्होंने किसी को यहां रोका ही नहीं है। अब-तक वह 80 के करीब बच्चों को दवा पिला चुके हैं। इस तर्क में कितनी हकीकत थी यह मौके पर मौजूद लोग जान चुके थे। कुल मिलाकर समय चाहे कोई भी दिया गया तो ले देकर परेशान आम लोग हुए।

chat bot
आपका साथी