भांजी को चूड़ा चढ़ाकर लौटे थे शिअद नेता दलबीर सिह

गांव ढिल्लवां में सोमवार की देर रात शिरोमणि अकाली दल के सर्कल प्रधान दलबीर सिंह की कांग्रेस से संबंधित कुछ लोगों ने हत्या कर दी।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Nov 2019 07:47 PM (IST) Updated:Wed, 20 Nov 2019 06:10 AM (IST)
भांजी को चूड़ा चढ़ाकर लौटे थे शिअद नेता दलबीर सिह
भांजी को चूड़ा चढ़ाकर लौटे थे शिअद नेता दलबीर सिह

महिदर सिंह अर्लीभन्न, कलानौर

गांव ढिल्लवां में सोमवार की देर रात शिरोमणि अकाली दल के सर्कल प्रधान दलबीर सिंह की कांग्रेस से संबंधित कुछ लोगों ने हत्या कर दी। दलबीर सिंह सोमवार की दोपहर को परिवार के साथ अपनी भांजी के शगुन पर गए थे। शाम को भांजी को चूड़ा चढ़ाकर वे घर लौटे थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि उनकी मौत उनकी प्रतीक्षा कर रही है। हमलावर जैसे उसकी रेकी कर रहे थे और मौका मिलते ही उन्होंने दलबीर सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर मौत के घाट उतार दिया।

दलबीर सिंह के दो बेटे हैं और एक लड़की है। उनकी पत्नी का कई साल पहले कैंसर से निधन हो गया था। दोनों बेटे खेती करते हैं। दलबीर सिंह ढिल्लवां को उनके बड़े बेटे संदीप सिंह ने मुखाग्नि भेंट की थी। उन्होंने विलाप करते हुए अपने पिता को अग्नि भेंट की। इस मौके पर पूर्व मंत्री सुच्चा सिंह लंगाह, पूर्व विधानसभा स्पीकर निर्मल सिंह काहलों, सुखजिदर सिंह अगवान, रविकर्ण सिंह काहलों, सुखजिदर सिंह सोनू लंगाह, रमनदीप सिंह संधू, अमरीक सिंह चेयरमैन, अमरीक सिंह खलीलपुर, रछपाल सिंह ढिल्लों, चेयरमैन बलजीत सिंह, जगपाल सिंह, जसबीर सिंह, हरिदर सिंह, बूटा सिंह, परमजीत सिंह, मनी महाजन आदि ने परिवार के साथ दुख व्यक्त किया।

शिरोमणि अकाली दल बादल के यूथ प्रधान रमनदीप संधू ने कहा कि बुधवार को शिरोमणि अकाली दल बादल के यूथ प्रधान बिक्रमजीत सिंह मजीठिया गांव ढिल्लवां में विशेष रूप से पहुंचकर पीड़ित परिवार से दुख व्यक्त करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो शिरोमणि अकाली दल बादल परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए अगली रणनीति तय करेगा।

बेटी बोली-आरोपितों ने पिता का साया छीना

दलबीर सिंह की बेटी ने रोते हुए कहा कि आरोपितों ने उनके सिर से पिता का छाया छीन लिया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कांग्रेस को वोट न डालें। कांग्रेसियों ने उनके घर को तबाह कर दिया है। उन्होंने पूर्व अकाली मंत्री लंगाह से गुहार लगाई कि उनको इंसाफ दिलाया जाए। दोपहर बाद दलबीर सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

आरोपितों को जल्द किया जाएगा काबू : एसएचओ

थाना कोटली सूरत मल्ली के एसएचओ अवतार सिंह कंग का कहना है कि पुलिस अकाली नेता दलबीर सिंह के हत्यारों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। आरोपित अपने घरों को ताले लगाकर भाग गए हैं। अब आरोपितों के रिश्तेदारों के घरों में भी छापामारी की जाएगी। आरोपितों को बख्शा नहीं जाएगा। सख्त कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी