दस दिनों के बाद उगे सूर्य देव, तीन दिन बारिश के आसार

दस दिनों तक आसमान में बादल छाने के बाद शुक्रवार को सूर्य देव ने दर्शन दिए मगर धूप खिलने के बाद भी लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिली।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 21 Jan 2022 11:13 PM (IST) Updated:Fri, 21 Jan 2022 11:13 PM (IST)
दस दिनों के बाद उगे सूर्य देव, तीन दिन बारिश के आसार
दस दिनों के बाद उगे सूर्य देव, तीन दिन बारिश के आसार

रवि कुमार, गुरदासपुर

दस दिनों तक आसमान में बादल छाने के बाद शुक्रवार को सूर्य देव ने दर्शन दिए, मगर धूप खिलने के बाद भी लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिली। हालांकि सूर्यदेव बादलों में लुकाछिपी का खेल खेलते रहे। उधर, मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिनों तक बारिश होने की भविष्यवाणी की है। इससे सर्दी से इतनी जल्द राहत नहीं मिलेगी।

गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में भारी कोहरे व हाड़ कंपा देने वाली ठंड के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त था। कड़ाके की ठंड और शीतलहर के चलते लोग घरों में ही कैद थे। बाजारों और सड़कों पर भी लोगों की आवाजाही बेहद कम देखने को मिल रही थी। लगातार पड़ रही इस सर्दी के कारण जहां लोग परेशान थे, वहीं बेजुबान पशु-पक्षी भी बेहाल दिखाई दे रहे थे। शुक्रवार को भी सुबह के समय आसमान पर बादल छाए हुए थे और ठंडी हवाएं चल रही थीं। मगर दोपहर करीब 12 बजे बादलों के बीच में से सूर्यदेव ने अपने दर्शन दिए। सूर्य की किरनें जमीन पर पड़ने के बाद घरों में दुबके हुए लोग बाहर निकल आए। बादलों में लुकाछिपी करते रहे सूर्यदेव

शुक्रवार को सूर्यदेव बादलों में लुकाछिपी करते रहे। धूप खिलने से लोगों ने थोड़ी राहत की सांस ली, लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक कायम नहीं रही। दोपहर बाद आसमान फिर बादलों से घिर गया और शीतलहरों ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी। वातावरण में नमी की मात्रा भी 87 फीसद से अधिक रही। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन भर तीन किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से ठंडी हवा चलती रही। मौसम विभाग ने तीन दिनों तक बारिश रहने और उसके बाद पांच दिनों तक बादल छाने की संभावना जताई है। बाजारों में फिर से लौटी रौनक

पिछले करीब दस दिनों से मौसम साफ न होने और शीत लहर चलने से लोग अपने घरों में कैद होकर रह गए थे। जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे थे। इससे बाजारों में रौनक कम देखने को मिल रही थी और दुकानदारों का काम चौपट होने की कगार पर पहुंच चुका था। मगर शुक्रवार को सूर्यदेव के दर्शन दिए जाने के बाद बाजारों में फिर से रौनक लौट आई। खूब उड़ीं पतंगें

धूप निकलते ही पतंग उड़ाने के शौंकीन अपने पिछले कई दिनों से रखी हुई पतंगों को साथ लेकर घरों की छत्तों पर चढ़ गए और खूब पतंगबाजी उड़ाई। जबकि महिलाएं भी रजाईयां, कंबल व अन्य कपड़े सूखाती हुई नजर आई। इस दौरान बच्चों में पतंगें उड़ाने को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला।

chat bot
आपका साथी