चंडीगढ़ में मेघनाद के पुतले को आग लगाने वाले 3 युवक गिरफ्तार, रावण को जलाने की थी प्लानिंग, आज कोर्ट में पेशी

चंडीगढ़ के सेक्टर-46 में शहर का सबसे ऊंचा 90 फीट का रावण का पुलता लगाया गया था। दशहरा एक दिन पहले रात करीब 2 बजे कुछ शरारती तत्वों ने मेघनाद के पुतले को आग लगा दी थी। पुलिस ने 3 आरोपित युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Fri, 07 Oct 2022 04:37 PM (IST) Updated:Sat, 08 Oct 2022 06:59 AM (IST)
चंडीगढ़ में मेघनाद के पुतले को आग लगाने वाले 3 युवक गिरफ्तार, रावण को जलाने की थी प्लानिंग, आज कोर्ट में पेशी
पुलिस आरोपितों की गाड़ी का नंबर ट्रेस कर उनतक पहुंची है।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ में दशहरा से एक दिन पहले सेक्टर-46 में मेघनाद के पुतले को कुछ शरारती तत्वों ने आग लगा दी थी। आरोपित पुतले को आग लगाने के बाद भाग गए थे। आरोपित घटना को अंजाम देने के लिए हरियाणा नंबर की फार्च्यूनर पर सवार होकर आए थे और घटना को अंजाम देकर उसी कार से फरार भी हो गए थे।

चंडीगढ़ पुलिस ने मेघनाद के पुतले को फूंकने वाले आरोपित युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 3 युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक युवक विदेश में सैटल है। आरोपितों के खिलाफ सेक्टर-34 थाना पुलिस ने आइपीसी की धारा 435, 188, 34 के तहत केस दर्ज किया था। 

गिरफ्तार आरोपित युवकों की पहचान मोहाली के सेक्टर-68 निवासी 31 वर्षीय आरयन, खरड़ के सन्नी एन्क्लेव निवासी 31 वर्षीय तेजिंदर सिंह और 19 साल के जसराज सिंह के तौर पर हुई है। आरोपितों से फार्च्यूनर को भी बरामद कर लिया गया है। इनमें से  तेजिंदर सिंह आस्ट्रेलिया में रहता है। पुलिस तीनों को शनिवार को कोर्ट में पेश करेगी और इन्हें रिमांड पर लिया जाएगा। आरोपितों से इस बात का पता लगाया जाएगा कि उन्होंने पुतले को क्यों और किसके कहने पर आग लगाई थी। बता दें कि आरोपितों ने मंगलवार देर रात 1.40 बजे घटना को अंजाम दिया था।  

रावण के पुतले को जलाने के लिए वापस आए थे आरोपित

सेक्टर-46 के दशहरा ग्राउंड में रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले दहन के लिए लगाए गए थे। लेकिन आरोपित युवकों ने रात में ही मेघनाद के पुतले को आग लगा दी। हरियाणा नंबर की फार्च्यूनर सवार आरोपितों ने राकेट बम (आतिशबाजी) रावण के पुतले की तरफ छोड़ दिया। इनके निशाने पर रावण का पुतला था, लेकिन आग मेघनाद के पुतले को लगी। राकेट सीधा मेघनाद के पुतले पर जाकर लगा और पुतला धूं-धूं कर जलने लगा। इसके बाद मौके से भागने के बाद आरोपित थोड़ी देर बाद रावण के पुतले को जलाने आए थे। उन्होंने दोबारा राकेट चलाया लेकिन वह ग्राउंड में खड़ी एक कार में जा घुसा। इसके बाद दोनों आरोपित फार्च्यूनर कार से फरार हो गए। 

इस तरह हुई गिरफ्तारी

इस में मामले में  सेक्टर-46 स्थित श्री सनातन धर्म दशहरा कमेटी के प्रधान नरेंद्र भाटिया की शिकायत पर सेक्टर-34 थाने में केस दर्ज किया है। इस दौरान एक प्रत्यक्षदर्शी में भागते हुए आरोपितों की हरियाणा नंबर की फार्च्यूनर के नंबर के आखिरी दो अंक 3 और 7 नोट कर लिया था। इसकी जानकारी पुलिस को मिलने के बाद अलग-अलग कई नंबर की जांच कर पुलिस आखिरी में आरोपित की असली गाड़ी नंबर एचआर 26सीजी 3137 तक पहुंच गई। 

chat bot
आपका साथी