राष्ट्रपति चुनावः पंजाब में तीन विधायकों के वोट हुए रद

राष्ट्रपति चुनाव में पंजाब में तीन विधायकों के वोट रद किए गए। राज्य में कुल 116 विधायकों ने मतदान किया था।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Fri, 21 Jul 2017 01:01 PM (IST) Updated:Fri, 21 Jul 2017 01:03 PM (IST)
राष्ट्रपति चुनावः पंजाब में तीन विधायकों के वोट हुए रद
राष्ट्रपति चुनावः पंजाब में तीन विधायकों के वोट हुए रद

जेएनएन, चंडीगढ़। राष्ट्रपति चुने गए राजग प्रत्याशी भाजपा के रामनाथ कोविंद को पंजाब में दो वोटों का नुकसान हुआ, जबकि मीरा कुमार को एक वोट का नुकसान हुआ। पंजाब में तीन विधायकों के वोट रद हुए। संप्रग की प्रत्याशी कांग्रेस की मीरा कुमार को 95 विधायकों ने वोट किया, जबकि राम नाथ कोविंद को 18 वोट पड़े। विधानसभा में विधायकों की संख्या को देखा जाए तो मीरा कुमार को 96 और राम नाथ कोविंद को 20 वोट मिलने चाहिए थे। कांग्रेस के 77 और आप के 19 विधायक मीरा कुमार के पक्ष में थे।

117 विधायकों वाली पंजाब विधानसभा में 116 वोट पड़े थे। आप विधायक एचएस फूलका ने वोट नहीं डाला था। अकाली विधायक परमिंदर ढींडसा दोनों ही प्रत्याशियों को वोट डाल दिया था। जिस कारण तय था कि उनका वोट रद होगा। लोक इंसाफ पार्टी के सिमरजीत बैंस के वोट डालने को लेकर भी विवाद हुआ था कि उन्होंने नियमों का उल्लंघन किया है। राष्ट्रपति चुनाव के जो परिणाम सामने आए हैं उससे यह तय है कि ढींडसा के अलावा दो अन्य वोट भी रद हुए।

चूंकि लोक इंसाफ पार्टी राम नाथ कोविंद को सपोर्ट कर रही थी इसलिए कोविंद को 20 वोट मिलने चाहिए थे। ढींडसा का वोट रद होने के बाद 19 वोट उन्हें पड़ने चाहिए थे, लेकिन 18 वोट ही मिले हैं। इसी प्रकार कांग्रेस के 77 और आप के 19 विधायकों को जोड़ दिया जाए तो मीरा कुमार को 96 वोट मिलने चाहिए थे, लेकिन उन्हें 95 वोट मिले हैं। समीकरण पर गौर करें तो अकाली दल, भाजपा और लोक इंसाफ पार्टी में से ढींडसा को छोड़ कर किसी अन्य विधायक का भी वोट रद हुआ।

इसी प्रकार कांग्रेस और आप विधायकों में से भी एक वोट रद हुआ है। माना जा रहा है कि सिमरजीत बैंस का वोट तो सही था लेकिन अन्य किसी विधायक ने वोट डालने में गड़बड़ी की।

यह भी पढ़ें: अलग पहचान के लिए आप विधायक फूलका की गांधीगिरी

chat bot
आपका साथी