चंडीगढ़ में पब्लिक प्लेस पर रेहड़ी लगाने वाला गिरफ्तार, पुलिस ने सामान जब्त किया, जमानत पर छोड़ा
सेक्टर 22 स्थित शास्त्री मार्केट में शोरूम के सामने फड़ी लगाने वाले व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने शहर में लगाने वाले अवैध फड़ियों को पूरी तरह से साफ करने के सख्त आदेश दिए थे।
जागरण संवाददाता चंडीगढ़। चंडीगढ़ में सख्त पाबंदी के बावजूद सार्वजनिक स्थान पर रेहड़ी फड़ी लगाने वाले मनमानी कर रहे हैं। पुलिस ने सेक्टर 22 स्थित शास्त्री मार्केट में शोरूम के सामने फड़ी लगाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मनीमाजरा के रहने वाले रघुवीर के तौर पर हुई है। संबंधित थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के बाद जमानत पर छोड़ दिया। जबकि उसके सामान को जब्त कर लिया।
शहर में अवैध गाड़ियों पर पाबंदी के बावजूद सेक्टर-48, सेक्टर-22, आइटी पार्क एरिया, मनीमाजरा और मौली जागरां एरिया में सबसे ज्यादा अवैध तरीके से फड़ी लगाई जाती हैं। ऐसे में पुलिस इनपर कार्रवाई तो करती है लेकिन फिर भी लोग पब्लिक प्लेस पर अवैध तौर से रेहड़ी फड़ी लगाकर अपना कारोबार करने से बाज नहीं आते।
बता दें कि पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने शहर में लगाने वाले अवैध फड़ियों को पूरी तरह से साफ करने के सख्त आदेश दिए थे। उसके बाद चंडीगढ़ नगर निगम और पुलिस की विशेष टीम ने स्पेशल ड्राइव चला रखी है। लेकिन हैरानी की बात है कि हाईकोर्ट के आदेशों को डेढ़ साल होने वाले हैं, इसके बावजूद भी शहर में अवैध फड़ियों का कारोबार पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है।
पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के सख्त आदेशों के बाद चंडीगढ़ पुलिस और नगर निगम टीम द्वारा शहर के अलग-अलग एरिया में चलाए विशेष अभियान के तहत आरोपितों के खिलाफ संबंधित थाना पुलिस ने धारा 383 (पब्लिक का रास्ता रोकना) के तहत कार्रवाई शुरू की थी। 383 जमानती धारा होने के कारण पुलिस सभी आरोपितों को जमानत पर छोड़ देती है। एसएसपी के निर्देशों पर थाना पुलिस ने लोगों की गिरफ्तारी करने के साथ रेहड़ियां भी जब्त की हैं।