नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब के सीएम भगवंत मान से मिलेंगे, बहुत खास होगी यह मुलाकात, राजनीतिक अटकलें तेज

पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू सोमवार को सीएम भगवंत मान से मुलाकात करेंगे। इस बात की जानकारी खुद सिद्धू ने ट्वीट कर दी है। हालांकि सिद्धू ने कहा कि चर्चा अर्थव्यवस्था पर होगी पर राजनीतिक अटकलों का बाजार गर्म है।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Sun, 08 May 2022 09:53 PM (IST) Updated:Mon, 09 May 2022 07:21 AM (IST)
नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब के सीएम भगवंत मान से मिलेंगे, बहुत खास होगी यह मुलाकात, राजनीतिक अटकलें तेज
नवजोत सिंह सिद्धू व भगवंत मान की फाइल फोटो।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। कांग्रेस के पूर्व पंजाब प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू सोमवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात करेंगे। इस बात की जानकारी खुद सिद्धू ने ट्वीट करके दी है। सिद्धू ने राज्य की अर्थव्यवस्था को इस मुलाकात का मुख्य कारण बताया है।

सिद्धू ने साथ ही लिखा है कि पंजाब की अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए सभी को ईमानदारी से मिलकर प्रयास करने होंगे। अहम बात यह है कि सिद्धू लगातार यह मुद्दा उठा रहे हैं कि पंजाब की अमन-कानून की स्थिति को छोड़कर सारी समस्याओं का समाधान वित्तीय स्थिति को सुधारने से होगा।

विधानसभा चुनाव के दौरान सिद्धू लगातार अपने पंजाब माडल का मुद्दा उठाते रहे थे। ऐसे में सिद्धू की भगवंत मान के साथ होने वाली मुलाकात खासी अहम मानी जा रही है, क्योंकि सिद्धू भले ही इस मुलाकात को वित्तीय हालात को जोड़ रहे हों लेकिन कांग्रेस में जिस प्रकार से उनके विरुद्ध कार्रवाई की बात चल रही है, उसे देखते हुए यह बैठक अहम हो जाती है।

दरअसल, सिद्धू न तो अर्थशास्त्री हैं और न ही आर्थिक मामलों में उन्हें कोई महारत हासिल है, इसलिए मुख्यमंत्री के साथ होने वाली मुलाकात को राजनीतिक के साथ जोड़कर ही देखा जा रहा है। सिद्धू इन दिनों कांग्रेस की राजनीति में हाशिये पर चल रहे हैं।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने सिद्धू के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी को लिखा हुआ है। चौधरी ने भी पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को सिद्धू के खिलाफ कार्रवाई करने की सिफारिश कर दी है।

संभावना है कि उदयपुर में कांग्रेस की चिंतन बैठक के बाद पार्टी कभी भी सिद्धू के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है, क्योंकि सिद्धू एक गुट बनाकर कांग्रेस पार्टी से अलग अपनी राजनीति कर रहे हैं और यह बात पार्टी को पसंद नहीं है। ऐसे में सिद्धू की मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ मुलाकात को लेकर इस बात को बल मिलना शुरू हो गया है कि क्या वह अपने लिए नए दरवाजे खोलने की तैयारी में है।

बता दें, वर्ष 2017 में सिद्धू के आम आदमी पार्टी में जाने की पृष्ठभूमि तैयार हो गई थी, लेकिन वह कांग्रेस में शामिल हो गए। 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली हार में एक बहुत बड़ा कारण सिद्धू भी रहे, क्योंकि वह पार्टी नेताओं के साथ तालमेल नहीं बैठा पाए। इस दौरान सिद्धू तत्कालीन मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के मुकाबले अपने कद को ऊंचा करने में जुटे रहे।

chat bot
आपका साथी