चंडीगढ़ में कोराना पॉजिटिव केस को दोगुने होने में लग रहे 25 दिन

राहत की खबर है। यहां कोरोना संक्रमण के केस 25.4 दिनों में दोगुने हो रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 20 Apr 2020 09:09 PM (IST) Updated:Tue, 21 Apr 2020 06:10 AM (IST)
चंडीगढ़ में कोराना पॉजिटिव केस को दोगुने होने में लग रहे 25 दिन
चंडीगढ़ में कोराना पॉजिटिव केस को दोगुने होने में लग रहे 25 दिन

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : चंडीगढ़ के लिए राहत की खबर है। यहां कोरोना संक्रमण के केस 25.4 दिनों में दोगुने हो रहे हैं। जबकि राष्ट्रीय स्तर पर संक्रमण केस करीब छह दिनों में डबल हो रहे हैं। इस पर प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने भी संतोष जताया। हालांकि उन्होंने नए आने वाले केसों पर भी चिता जताई। प्रशासक ने डीसी मनदीप सिंह बराड़ को आदेश दिए हैं कि जहां नए केस आ रहे हैं, उन पॉकेट की पहचान की जाए। जिससे इस एरिया को सील करने पर फोकस किया जा सके। एडवाइजर मनोज कुमार परिदा ने बताया कि पंजाब और हरियाणा सरकार से अपील की गई है कि वह चंडीगढ़ में अपने आवश्यक सेवाओं से जुड़े ऑफिस ही खोलें। रेजिडेंट्स बनेंगे स्पेशल पुलिस ऑफिसर

अब जिस एरिया को सील किया जाएगा या जहां लोग क्वारंटाइन हैं, वहां रेजिडेंट्स को ही स्पेशल पुलिस ऑफिसर नियुक्त किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के साथ यह अपने एरिया में एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर नजर रखेंगे। जिससे आवाजाही न हो। प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने स्पेशल पुलिस ऑफिसर नियुक्त करने की इच्छा जताई। जिस पर डीजीपी ने काम शुरू कर दिया है। उन्होंने लोकल ऑर्गेनाइजेशन और जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि वह एरिया को पूरी तरह से सील और सेनिटाइज करने में मदद करें। कंस्ट्रक्शन वर्कर को मिलेंगे तीन हजार

प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने 6670 पंजीकृत कंस्ट्रक्शन वर्कर्स को तीन हजार रुपये प्रति वर्कर स्पेशल रिलीफ देने के आदेश भी अधिकारियों को दिए। यह राशि पहले से जारी की गई कंस्ट्रक्शन लेबर वेलफेयर फंड से अलग होगी। यह राशि वर्कर्स के बैंक खातों में आएगी। इंडस्ट्रियलिस्ट्स वर्कर्स को ईएसआइ के तहत भुगतान करने का मामला केंद्र सरकार के समक्ष उठाने के आदेश भी प्रशासक ने एडवाइजर को दिए। हेल्थ सेक्रेटरी एके गुप्ता ने बताया कि ब्लड की चंडीगढ़ में कोई कमी नहीं है। प्रशासक ने मोबाइल वैन के जरिये इच्छुक वॉलंटियर्स से ब्लड डोनेट करने का आदेश भी दिया। डीएचएस डॉ. जी दीवान ने बताया कि अभी तक 8.65 लाख लोगों की स्क्रीनिग हो चुकी है। नगर निगम कमिश्नर केके यादव ने बताया कि सभी वेंडर और हॉकर की मेडिकल स्क्रीनिग का काम पूरा हो चुका है। पत्रकारों के लिए विशेष कैंप

मुंबई और जालंधर सहित कई शहरों में बहुत से पत्रकार कोरोना वायरस पॉजिटिव मिले हैं। कोरोना वायरस के इस इन्फेक्शन को देखते हुए प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने चंडीगढ़ के पत्रकारों को टेस्ट करने के लिए विशेष कैंप लगाने के आदेश दिए हैं। यह आदेश डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज डॉ. जी दिवान को जारी किए गए हैं। पत्रकारों को खुद आगे आकर अपने टेस्ट कराने चाहिए।

chat bot
आपका साथी