चंडीगढ़ में खूब परोसा जा रहा हुक्का, 10 दिन में चार डिस्कोथेक और क्लब में पुलिस की रेड, किए सील

चंडीगढ़ में कोरोना बचाव नियमों की अनदेखी कर डिस्कोथेक क्लब और बार में जमकर हुक्का परोसा जा रहा है। हालांकि हुक्का पार्टी पर शहर में रोक लगाई गई है। वहीं पुलिस ने बीते 10 दिन में चार डिस्कोथेक और क्लब में रेड कर इन्हें सील किया है।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Sat, 31 Jul 2021 01:51 PM (IST) Updated:Sat, 31 Jul 2021 01:51 PM (IST)
चंडीगढ़ में खूब परोसा जा रहा हुक्का, 10 दिन में चार डिस्कोथेक और क्लब में पुलिस की रेड, किए सील
चंडीगढ़ में हुक्का परोसने पर रोक लगाई गई है। (सांकेतिक चित्र)

कुलदीप शुक्ला, चंडीगढ़। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान शहर में लगाई गई पाबंदियां अब पूरी तरह हटा दी गई हैं। चंडीगढ़ पूरी तरह से ओपन हो गया है। लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि लापरवाही बढ़ाकर कोरोना की तीसरी लहर को न्योता दिया जाए। इसी तरह चंडीगढ़ में कोविड-19 गाइडलाइन के तहत लोगों को रोजगार, व्यापार सहित पर्यटक स्थल, पब, बार-डिस्कोथेक सहित अन्य जगह छूट दी गई है। बावजूद शहर के क्लब, बार, डिस्कोथेक सहित रेस्टोरेंट संचालकों की मनमानी भी शुरू हो गई।

नियमों के मुताबिक डिस्कोथेक-बार और क्लब में हुक्का परोसने पर पाबंदी है, लेकिन लेट नाइट हाई वॉल्यूम में डीजे पार्टियां हो रही हैं। पिछले 10 दिनों के रिकार्ड में एरिया एसडीएम सहित संबंधित थाना पुलिस ने तकरीबन चार से पांच क्लब-डिस्कोथेक में रेड कर कानूनी कार्रवाई की है। इसमें मैनेजर, मालिक, कर्मचारियों की गिरफ्तारी के साथ एसडीएम के आदेश पर सील भी किया गया है।

क्लब में 40 लोग हुक्का पीते पकड़े

मनीमाजरा स्थित नेस्कैफे कॉमन रूम क्लब के खिलाफ कार्रवाई की गई है। क्लब में हुक्का पार्टी चल रही थी। क्लब में 40 लोग हुक्का पी रहे थे। इस बात की जानकारी एसडीएम ईस्ट रूचि सिंह बेदी को मिली तो उन्होंने क्लब में टीम के साथ रेड की। इस दौरान क्लब में 40 लोग हुक्का पीते हुए पकड़े गए। यह रेड बुधवार को की गई थी। एसडीएम स्टाफ ने रेड कर मौके से करीब 30 हुक्का बरामद किए। रेड के दौरान क्लब में हुक्का पी रहे युवाओं की वीडियो बनाई गई। क्लब के मैनेजर के खिलाफ पुलिस को कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, क्लब को दो दिन के लिए सील कर दिया गया।

बार मालिकों के कहने पर चल रही थी हुक्का पार्टी

चंडीगढ़ सेक्टर-34 थाना एरिया में माफियोसो नामक लॉन्ज एंड बार में हो रही एक पार्टी में क्लब मालिकों के कहने पर हुक्का परोसा जा रहा था। सूचना मिलते ही एसडीएम रूपेश कुमार ने टीम साथ दबिश की और मौके से लगभग सात हुक्के सहित उसके संबंधित सामान भी बरामद किया। इसके बाद एसडीएम ने क्लब को 3 दिन के लिए सील करने के आदेश जारी कर दिए। इसके अलावा सेक्टर-34 थाना पुलिस ने क्लब के मालिक सौरभ के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार भी किया था। आरोपितों को जमानत के आधार पर थाने से छोड़ा गया।

दो महीने में 30 से ज्यादा क्लबों पर हो चुकी है कार्रवाई

शहर में बढ़ते कोरोना के मामले देखते हुए डीसी ने क्लबों में हुक्का परोसने पर रोक लगा रखी थी, ताकि कोविड-19 की बीमारी को फैलने से रोका जा सके। दो महीने में शहर की अलग अलग थाना पुलिस अब तक 30 से भी ज्यादा क्लबों पर कार्रवाई कर चुकी हैं। सेक्टर-26 के बुलेवार्ड क्लब, मोब क्लब, बारगेन बूज क्लब, क्विजो क्लब, औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्लेबॉय क्लब, तमजारा क्लब, सेक्टर-9 स्थित बूम बॉक्स, पाइप एंड बैरल, एसको बार, सेक्टर-7 स्थित टर्मिनल, रीफ क्लब समेत अन्य क्लबों के मालिक, प्रबंधक के अलावा कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है।

chat bot
आपका साथी