चंडीगढ़ के इस डाइनिंग टेबल की कीमत 16 लाख रुपये, विश्वभर से लग रही बोली, जानें इसकी खासियत

आपने कभी किसी डाइनिंग टेबल की कीमत 16 लाख रुपये सुना या पढ़ा है या ऐसी कोई डाइनिंग टेबल देखी है। यदि नहीं तो आइए हम आपको एक ऐसे ही एक डाइनिंग टेबल के बारे में बताते हैं जिसकी कीमत 16 लाख रुपये है। यह डाइनिंग टेबल चंडीगढ़ का है।

By Ankesh KumarEdited By: Publish:Mon, 15 Feb 2021 01:44 PM (IST) Updated:Mon, 15 Feb 2021 01:54 PM (IST)
चंडीगढ़ के इस डाइनिंग टेबल की कीमत 16 लाख रुपये, विश्वभर से लग रही बोली, जानें इसकी खासियत
यह वह डाइनिंग टेबल है जिसकी कीमत 16 लाख रुपये है। (फोटो एडवोकेट अजय जग्गा ने उपलब्ध करवाई है)

चंडीगढ़, जेएनएन। एक ऐसी डाइनिंग टेबल (Dining table) जिसकी कीमत 16 लाख रुपये है। बावजूद इसके खरीदार विश्वभर से बोली लगाकर इसे खरीदने के लिए ललायित हैं। यह किसी राजा महाराजा या किसी शाही घराने की टेबल नहीं है। बल्कि मार्डन आर्किटेक्चर वर्क के लिए विख्यात पियरे जेनरे की क्रिएशन है।

टीक की लकड़ी से बनी यह टेबल को चंडीगढ़ की किसी बिल्डिंग के लिए 1954 के आस-पास जेनरे ने डिजाइन किया था। फ्रांस के पेरिस शहर में हेरिटेज फर्नीचर नीलाम होने जा रहा है। यह पांच आइटम पेरिस के नीलाम घर में 27 फरवरी को बेची जा रही हैं। दुर्भाग्य की बात यह है कि जिस महान शख्सियत ली कार्बूजिए और पियरे जेनरे ने इन्हें डिजाइन किया उन्हीं के देश में यह नीलामी हो रही है।

चंडीगढ़ के निर्माता यह दोनों शख्स फ्रांस के मूल निवासी थे। पियरे जेनरे ने शहर की कई प्रमुख बिल्डिंग को डिजाइन किया था। पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ का गांधी भवन भी इनमें से एक है। जेनरे ने सभी प्रशासनिक और पीयू सहित कई बिल्डिंग के लिए फर्नीचर तैयार किया था। सबसे बड़ी मात्रा में यह फर्नीचर पीयू के अंदर ही है। अब इन बिल्डिंगों से ही यह फर्नीचर विदेशी नीलाम घरों तक पहुंच रहा है।

एडवोकेट अजय जग्गा ने भेजी शिकायत

नीलामी के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले हेरिटेज प्रोटेक्शन सेल के मेंबर एडवोकेट अजय जग्गा ने इस बार भी दस दिन पहले ही नीलामी की सूचना स्थानीय प्रशासन से लेकर केंद्र सरकार को दे दी है। विदेश मंत्री एस जयशंकर और फ्रांस में इंडियन एंबेसी के फर्स्ट सेक्रेटरी अविनाश कुमार सिंह को चिट्ठी लिखकर सूचना दी गई है। वर्ष 2021 की यह तीसरी ऑक्शन है। महज डेढ़ महीने में तीसरी ऑक्शन हो रही है। इतनी तेजी से ऑक्शन का कारण आप समझ सकते हैं। तस्कर इन आइटम को विदेशी ऑक्शन हाउस तक पहुंचा रहे हैं। फर्नीचर की यह पांच आइटम 33 से 38 लाख रुपये में नीलाम होंगी। नीलाम घर ने इनका यह मूल्य तय किया है।

इन आइट्मस की हो रही नीलामी

पियरे जेनरे का डिजाइन बॉक्स स्टूल पेयर नीलाम होगा। इसकी अनुमानित कीमत चार लाख रुपये निर्धारित की गई है। टीक डाउन चेयर की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये तय की गई है। पियरे जेनरे की ईजी आर्म चेयर की कीमत आठ लाख रखी गई है। एग्जीक्यूटिव डेस्क की कीमत भी दस लाख रुपये के करीब रखी गई है। सोलिड टीन डाइनिंग टेबल की कीमत सबसे अधिक करीब 16 लाख रुपये रखी गई है। अब देखना यह होगा कि इनकी बोली कितनी लगती है।

chat bot
आपका साथी