चंडीगढ़ की सांसद बीमार, कांग्रेस ने बंद किया किरण खेर को ढूंढो अभियान

चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष ने बुधवार को बताया था कि शहर की सांसद किरण खेर इन दिनों बीमार हैं और वह मुंबई में अपना इलाज करवा रही है। इस बात का पता चलने के बाद कांग्रेस ने सांसद को ढूंढो अभियान बंद कर दिया है।

By Ankesh KumarEdited By: Publish:Thu, 01 Apr 2021 12:03 PM (IST) Updated:Thu, 01 Apr 2021 12:03 PM (IST)
चंडीगढ़ की सांसद बीमार, कांग्रेस ने बंद किया किरण खेर को ढूंढो अभियान
चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर की फाइल फोटो।

चंडीगढ़, [राजेश ढल्ल]। चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर बीमार हैं, इस बात की जानकारी चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने बीते बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में दी। सूद ने बताया कि सांसद इन दिनों मुंबई में है और अपना इलाज करवा रही हैं। इससे पहले चंडीगढ़ कांग्रेस पार्टी ने सांसद के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ था कि शहर की सांसद गुम हो चुकी हैं। लेकिन अब उनके बीमार का पता चलने के बाद कांग्रेस पार्टी ने उनके खिलाफ जो मोर्चा खोला हुआ था उसे बंद करने का फैसला लिया है।

कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने अपने नेताओं और प्रवक्ताओं को सांसद किरण खेर ढूंढो अभियान को बंद करने के लिए कहा है। कांग्रेस नेताओं ने शहर में दूरबीन और मोमबती जलाकर किरण खेर को तलाश करने और उनके मिसिंग होने के पोस्टर अभियान चलाया हुआ था, ताकि सांसद और भाजपा के खिलाफ माहौल बन सके।

बीते बुधवार को भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने प्रेसवार्ता कर बताया है कि सांसद किरण खेर इस समय मल्टीपल माइलोमा (प्लाज्मा सेल्स का कैंसर) बीमारी से पीड़ित हैं और इस समय मुंबई में इलाज करवा रही हैं। वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा भी बीमार होने पर उनके खिलाफ पार्टी द्वारा चलाए जा रहे अभियान चलाने के समर्थन में नहीं हैं।  

कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला का कहना है कि भाजपा अध्यक्ष ने सांसद की बीमारी की सूचना दी। बेहतर होता यह जानकारी पहले ही सार्वजानिक कर दी जाती। इससे शहर की जनता बीते डेढ़ साल से जो सवाल कर रही है वह न उठते। कांग्रेस को उनसे और उनके परिवार से पूरी साहनुभूति है। वह कामना करते हैं कि वह जल्द स्वास्थ होकर शहर में आएं। चावला ने कहा कि लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री ने कहा था कि वोट किरण को नहीं मुझे दीजिए, तो अब उनको ही सांसद की जिम्मेदारी सौंपनी चाहिए ताकि शहर के विकास कार्य पूरे हो सके। 

चावला ने कहा कि पार्षद सतीष कैंथ के पिता के निधन हुआ है ऐसे में भाजपा को उनके खिलाफ प्रदर्शन करने से परहेज करना चाहिए था। अगर वह ऐसा न करते तो शायद कांग्रेस भी सांसद किरण खेर के गायब होने के मामले में सड़कों पर न उतरती। शहर के अन्य मुद्दों पर उनका आंदोलन जारी रहेगा। अब सांसद किरण खेर के मामले में पार्टी कोई अभियान एवं प्रदर्शन नहीं करेगी।

chat bot
आपका साथी