Chandigarh Coronavirus Update: चंडीगढ़ में रिकार्ड 625 पॉजिटिव; मोहाली में 880 और पंचकूला में 508 नए केस
Chandigarh Coronavirus News संक्रमण के बढ़ते मामले देखकर कहा जा सकता है कि फिलहाल शहर में लगे लॉकडाउन का भी कोई खास असर नहीं देखने को मिल रहा है। शहर में इस समय 3625 कोरोना एक्टिव मरीजों का इलाज चल रहा है।
चंडीगढ़, [विशाल पाठक]। शहर में एक दिन में मिले कोरोना संक्रमित मरीजों के सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं। रविवार को चंडीगढ़ में 625 नए कोरोना पॉजिटिव केस दर्ज किए गए। तीन मरीजों की मौत हुई है। संक्रमण के बढ़ते मामले देखकर कहा जा सकता है कि फिलहाल शहर में लगे लॉकडाउन का भी कोई खास असर नहीं देखने को मिल रहा है। शहर में इस समय 3,625 कोरोना एक्टिव मरीजों का इलाज चल रहा है। रविवार को कोरोना से तीन लोगों की मौत के साथ अब तक 413 लोग कोरोना वायरस संक्रमण से दम तोड़ चुके हैं।
मोहाली में 880 नए केस मिले, तीन की मौत
इधर, मोहाली में भी कोरोना के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। रविवार को 880 नए केस रिपोर्ट किए गए हैं। तीन लोगों की मौत हुई है। राहत की बात है कि 448 लोगों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया गया है। मोहाली शहर (370 केस) के बाद सबसे ज्यादा केस खरड़ से मिले हैं। यहां नए संक्रमितों की संख्या 194 दर्ज की गई है। धकोली में 136 और डेराबस्सी में 57 केस मिले हैं। जिले में इस समय सक्रिय मामलों की संख्या 6211 हो गई है। अब तक 502 लोगों की जान जा चुकी है।
पंचकूला में 4 लोगों की मौत, 508 नए केस
पंचकूला। जिले में पिछले 24 घंटों में कोरोना से चार लोगों की मौत हो गई। सेक्टर 15 निवासी 67 वर्षीय बुजुर्ग, सेक्टर 20 निवासी 66 वर्षीय बुजुर्ग महिला, हंगोली निवासी 52 वर्षीय महिला और सेक्टर 8 निवासी 86 बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ दिया। रविवार को भी कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती नजर आई। पंचकूला में 508 नए केस मिले हैं। चार स्वास्थ्य कर्मी भी कोरोना की चपेट में आए हैं।
पंचकूला की सिविल सर्जन डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि पंचकूला में अब तक 168 लोगों की कोराना संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में 1976 सक्रिय मरीज हैं। पंचकूला जिले में अब तक 249773 लोगों के कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।