शैलरों व गोदामों से अनाज चोरी करने वाले गिरोह के चार मेंबर काबू

गोदामों से अनाज चोरी करने वाले गिरोह के दस मेंबरों को नामजद कर चार मेंबरों को गिरफ्तार किया है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Jan 2020 06:23 PM (IST) Updated:Wed, 22 Jan 2020 06:23 PM (IST)
शैलरों व गोदामों से अनाज चोरी करने वाले गिरोह के चार मेंबर काबू
शैलरों व गोदामों से अनाज चोरी करने वाले गिरोह के चार मेंबर काबू

जागरण संवाददाता, बठिडा : सीआइए स्टाफ 1 बठिडा की पुलिस ने शैलरों व गोदामों से अनाज चोरी करने वाले गिरोह के दस मेंबरों को नामजद कर चार मेंबरों को गिरफ्तार किया है। इस ग्रुप में 8 व्यक्ति बठिडा से तो दो हरियाणा से हैं। पुलिस ने आरोपितों से वारदात के समय इस्तेमाल की गई पिकअप गाड़ी, 50 खाली गट्टे व 45 हजार की नकदी बरामद की है।

एसपी गुरविदर सिंह संघा ने बताया कि गत दिसंबर में गोनियाना मंडी की मॉडर्न राइस मिल से चोरों ने 212 गट्टे धान चोरी कर लिया था।

सीआइए टीम ने सबसे पहले सुखबीर सिंह, संजय सिंह वासी मेहराज बस्ती कोठे महा सिंह वाला, गुरप्रीत सिंह वासी काला पति मेहाराज व जगत सिंह वासी नकटी खेड़ा हरियाणा को नामजद किया था। इसके बाद 21 जनवरी को मामले में सीआइए स्टाफ को गुरप्रीत सिंह वासी गीदड़ ने कुछ जानकारी दी। इसके आधार पर शंभू गुप्ता वासी रामपुरा मंडी, बेअंत सिंह, मिट्ठू सिंह, बिट्टू व रिकू वासी कोठे महा सिंह वाले मेहराज बस्ती व राज सिंह वासी नकटी खेड़ा हरियाणा को नामजद किया गया।

एसपी संघा ने बताया कि सीआइए स्टाफ की टीम ने सब इंस्पेक्टर हरजीवन सिंह की अगुआई में रामपुरा मेहराज रोड पर एक पिकअप गाड़ी को रोककर तलाशी ली तो उसमें से 50 खाली बोरी बरामद हुई। पुलिस ने गाड़ी में सवार सुखबीर सिंह, संजय सिंह, गुरप्रीत सिंह व शंभू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के पास से 45 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की गई। इन लोगों ने प्राथमिक जांच में माना कि वह शैलरों व गोदामों से अनाज चोरी करते हैं।

उक्त आरोपितों पर पहले भी मानसा, रामपुरा, भगता, नहियांवाला व राजस्थान में भी चोरी व लूटपाट के कई मामले दर्ज हैं, जिनमें वह कई बार जेल भी जा चुके हैं।

chat bot
आपका साथी