लाल सिंह बस्ती और आसपास के क्षेत्रों की सड़कों की सुधरेगी दशा

रेल लाइन पार एरिया की लाल सिंह बस्ती सहित आसपास के क्षेत्र के विकास पर इन दिनों विशेष जोर दिया जा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 18 Feb 2020 04:50 PM (IST) Updated:Tue, 18 Feb 2020 04:50 PM (IST)
लाल सिंह बस्ती और आसपास के क्षेत्रों की सड़कों की सुधरेगी दशा
लाल सिंह बस्ती और आसपास के क्षेत्रों की सड़कों की सुधरेगी दशा

जासं, बठिडा : रेल लाइन पार एरिया की लाल सिंह बस्ती सहित आसपास के क्षेत्र के विकास पर इन दिनों विशेष जोर दिया जा रहा है। वीरवार को होने जा रही नगर निगम की फाइनांस एंड कांट्रैक्ट कमेटी (एफएंडसीसी) की बैठक में कुल 9.18 करोड़ रुपये के विकास कार्य शुरू करने के लिए हरी झंडी देने की तैयारी हो चुकी है। इनमें अकेले लाल सिंह बस्ती एवं आसपास के इलाकों के करीब डेढ़ करोड़ रूपये के विकास कार्य करवाए जाएंगे। अकेले लाल सिंह बस्ती के ही 81 लाख रूपये से अधिक के विकास कार्य शामिल किए गए हैं। इस क्षेत्र में लंबे समय से बेशुमार दिक्कतें चली आ रही हैं, लेकिन अब हालात सुधरने की यह स्थिति पार्षद संतोष कुमारी महंत के शिअद को छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने के बाद पैदा हुई है। शिअद पार्षद होने के बावजूद अकाली-भाजपा शासित निगम के जनरल हाउस की बैठक के दौरान अपने वार्ड की बदहाली को जोर-शोर के साथ उठाने के बावजूद उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। आखिरकार वह अपने क्षेत्र के विकास के लिए क्षेत्र के विधायक एवं वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल की अगुआई में कांग्रेस में शामिल हो गई थीं। इसके बाद से ही उनके इलाके में विकास के कार्य शुरू हो पाए। अब होने जा रहे विकास कार्यों से पहले भी संगूआना बस्ती और लाल सिंह बस्ती में काफी काम शुरू हो चुके हैं।

निगम की वीरवार को हो रही एफएंडसीसी की बैठक के जारी एजेंडे में 29.11 लाख रुपये की लागत से लाल सिंह बस्ती की गली नंबर 04, 12, 14, 19, 24 तथा 34 में प्रीमिक्स डाली जाएगी। इसी तरह 22.66 लाख रूपये की लागत के साथ विभिन्न गलियों व सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव शामिल किया गया है। इसके अलावा इसी बस्ती में ही गलियों का 7.67 लाख रूपये का एक अलग से प्रस्ताव डाला गया है। लाल सिंह बस्ती में ही 22.18 लाख रूपये की लागत से विभिन्न गलियों में इंटरलॉकिग टाइलें लगाई जाएंगी। यह प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल किया गया है। लाल सिंह बस्ती के साथ ही मुलतानियां रोड की विभिन्न गलियों में 15.19 लाख रूपये की लागत प्रीमिक्स डाली जाएगी। इसी तरह पास की मैहणा बस्ती से गांव बादल को जाने वाली सड़क का 22.75 लाख रुपये से निर्माण होगा। जबकि 28.70 लाख रूपये की लागत के साथ नजदीक ही स्थित संजय नगर का निर्माण किया जाना है। यह प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल किए गए हैं। परंतु इन निर्माण कार्यों के मुकम्मल होने पर इन क्षेत्रों के लोगों की आने-जाने की राह आसान हो जाएगी। बदहाल सड़कों के कारण क्षेत्र के लोग बेहद परेशान हैं।

chat bot
आपका साथी