कांग्रेस सरकार के पांच साल पूरे हो गए, पर नहीं बन पाए शहर में तीन पुल

विधानसभा चुनाव 2017 के बाद कांग्रेस ने सत्ता में आने पर विभिन्न प्रोजेक्ट शुरू करवाए।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 19 Jan 2022 08:30 AM (IST) Updated:Wed, 19 Jan 2022 08:30 AM (IST)
कांग्रेस सरकार के पांच साल पूरे हो गए, पर नहीं बन पाए शहर में तीन पुल
कांग्रेस सरकार के पांच साल पूरे हो गए, पर नहीं बन पाए शहर में तीन पुल

जागरण संवाददाता, अमृतसर: विधानसभा चुनाव 2017 के बाद कांग्रेस ने सत्ता में आने पर विभिन्न प्रोजेक्ट शुरू करवाए। मगर इस सरकार का पांच साल कार्यकाल पूरा होने के बावजूद बीत जाने के बाद भी वह प्रोजेक्ट पूरे नहीं हो पाए और अभी तक काम बीच में ही अटके हुए है। इनमें भंडारी पुल पर एक्सटेंशन का काम, 22 नंबर फाटक पर बन रहे आरओबी, वल्ला फाटक पर बन रहे आरओबी शामिल है। वल्ला फाटक एरिया कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू के पूर्वी हलके में पड़ता है जबकि भंडारी पुल केंद्रीय और 22 नंबर फाटक पश्चिम हलके में पड़ते हैं। ऐसे में यह चारों प्रोजेक्ट भी इस बार इन तीनों हलकों के लिए चुनावी मुद्दा बन सकते है। विधानसभा हलका केंद्रीय: 2019 में शुरु हुई था भंडारी पुल एक्सटेंशन का काम

भंडारी पुल पर बन रहे एक्सटेंशन का काम भी इसी साल अप्रैल महीने तक पूरा कर लेने की बात हो रही है। इस पुल का काम फरवरी 2019 में शुरु हुआ था। इस पर 20 करोड़ रुपये खर्च किए गए है। यह काम दिसंबर 2020 तक पूरा होना था। मार्च 2020 में लाकडाउन हो गया। इस कारण चार महीने तक काम रूक गया। अगस्त 2020 में काम शुरु हुआ तो पहले इसे जुलाई 2021 तक पूरा करने की बात हुई। इसके बाद ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन दिनेश बस्सी ने कहा कि दशहरा तक लोगों को समर्पित कर दिया जाएगा। बाद में चेयरमैन दमनदीप सिंह उप्पल बने। उन्होंने दीवाली तक काम पूरा होने की बात कही। मगर 2021 बीत गया और अब अप्रैल तक काम पूरा होने की बात हो रही है। बता दें कि पुल पर दोनों तरफ आने जाने के लिए करीब 31 फीट चौड़े टू-वे ब्रिज तैयार गए है। एक्सटेंशन के तैयार होने के बाद भंडारी पुल की ट्रैफिक समस्या का पूरी तरह से समाधान हो जाएगा और रोजाना लगने वाले लंबे जाम से छुटकारा मिलेगा। विस हलका पश्चिम : 22 नंबर फाटक आरओबी के काम की दो बार डेडलाइन बदल चुकी

पश्चिम और सेंट्रल विधानसभा हलके के लिए अहम 22 नंबर फाटक आरओबी का 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। दो बार इसकी डेडलाइन बदल चुकी है क्योंकि पहले इसकी डेडलाइन अक्टूबर 2020 थी। कोविड के कारण काम बंद रहा। बाद में इसकी डेडलाइन फरवरी 2021 कर दी गई। मगर पूरा 2021 बीत गया और काम पूरा नहीं हो पाया। करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से इसे तैयार किया जा रहा है और इस बार पुल को मार्च 2022 तक पूरा करने की बात कही जा रही है। इसके बन जाने पर इस्लामाबाद, पुतलीघर और खालसा कालेज की तरफ से आने वाले वाहनों को लंबे ट्रैफिक से निजात मिलेगा। विस हलका पूर्वी: पहले भारतीय सेना और फिर वन विभाग के पास अटका वल्ला पुल

34 करोड़ की लागत से एक किलोमीटर लंबा वल्ला आरओबी तैयार किया जा रहा है। इसका काम भी फरवरी 2019 में शुरू हुआ था। इसे पूरा करने के लिए 18 महीने का लक्ष्य था जो अक्टूबर 2020 में पूरा होना था। मगर कोविड में लाकडाउन होने के कारण करीब चार महीने काम बंद रहा। अगस्त 2020 में काम फिर से शुरू हुआ और दिसंबर 2020 तक डेडलाइन रखी गई। मगर 2021 भी बीत गया और पुल बनाने का सारा काम एनओसी के बीच ही अटका रहा। पहले भारतीय सेना से एनओसी लेने में देरी और इसके बाद वन विभाग के पास फाइल अटकी रही। इसके तैयार होने पर वेरका और फतेहगढ़ चूड़ियां व मजीठा बाईपास की तरफ से मेहता रोड से होते हुए मकबूलपुरा और बस स्टैंड व अन्य हिस्से में जाना आसान हो जाएगा।

chat bot
आपका साथी