सेहत विभाग ने सिविल अस्पताल पहुंची केंद्रीय टीम की आंखों में डाला पर्दा

जिले में कोरोना महामारी के बढ़ने के कारणों की पड़ताल करने शुक्रवार को केंद्रीय टीम पहुंची। शनिवार को इस टीम की आंखों में सेहत विभाग की ओर से पर्दा डाल दिया गया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 11 Apr 2021 10:00 AM (IST) Updated:Sun, 11 Apr 2021 10:00 AM (IST)
सेहत विभाग ने सिविल अस्पताल पहुंची केंद्रीय टीम की आंखों में डाला पर्दा
सेहत विभाग ने सिविल अस्पताल पहुंची केंद्रीय टीम की आंखों में डाला पर्दा

जासं, अमृतसर: जिले में कोरोना महामारी के बढ़ने के कारणों की पड़ताल करने शुक्रवार को केंद्रीय टीम पहुंची। टीम ने इस दिन अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कोरोना को फैलने से रोकने के लिए नियमों का पालन करवाने को सख्ती बरतने के लिए कहा था। वहीं शनिवार को इस टीम की आंखों में सेहत विभाग की ओर से पर्दा डाल दिया गया और लगातार बरती जा रही खामियों को छिपा लिया गया। वहां सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त दिखाई गई।

टीकाकरण करवाने आए लोगों को शारीरिक दूरी का पालन करवाया गया, वहीं बिना मास्क किसी को अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं थी। वैक्सीन सेंटर पर लोगों के बैठने के लिए निर्धारित दूरी पर कुर्सियां लगाई गई थीं। वहीं सुरक्षा कर्मचारी तैनात किया गया था, जो एक-एक करके लोगों को वैक्सीन सेंटर तक भेज रहा था। सैंपल कलेक्शन सेंटर में भी कुर्सियां रख दी गई थीं। यह सारी व्यवस्था आज ही की गई थी। इससे पूर्व तो वैक्सीन लगवाने के लिए भी मारामारी होती रहती थी। सैंपल देने के लिए भी लोग धक्का मुक्की करते नजर आते थे।

दरअसल, आल इंडिया इंस्टीट्यूट आफ पब्लिक हेल्थ के डायरेक्टर डा. आरएन सिन्हा तथा पीजीआइ के प्रोफेसर डा. आशुतोष पर आधारित टीम सिविल अस्पताल में पहुंची थी। बीते शुक्रवार को यह टीम गुरुनानक देव अस्पताल गई थी और वहां लोगों द्वारा कोरोना गाइडलाइन का पालन न करने का संज्ञान लिया था। अस्पताल में कई लोग मास्क के बगैर ही घूम रहे थे। सिविल अस्पताल में मास्क तो सभी ने पहना था पर ओपीडी व इमरजेंसी वार्ड में शारीरिक दूरी का पालन नहीं किया जा रहा था। हालांकि अस्पताल प्रशासन ने फ्लू कार्नर, वैक्सीन सेंटर व सैंपल कलेक्शन सेंटर के बाहर कुर्सियां लगा दी थीं। कुछ सुधार तो दिखा, पर यह क्षणिक है या लगातार बरकरार रहेगा, इस पर संशय है। खैर, टीम ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि कोरोना नियमों का पूरी तरह से पालन करवाए। इस मौके पर सिविल अस्पताल के एसएमओ डा. चंद्रमोहन, इंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन के चेयरमैन राकेश शर्मा, प्रधान राजेश शर्मा, जिला टीकाकरण अफसर डॉ. सुखपाल सिंह उपस्थित थे। एसएमओ का दावा, अब कुर्सियां स्थायी तौर पर रखेंगे, दूरी पर बिठाएंगे

एसएमओ डा. चंद्रमोहन ने दावा करते हुए कहा कि अब यह कुर्सियां स्थायी तौर पर वैक्सीन सेंटर व सैंपल कलेक्शन सेंटर के बाहर लगा दी गई हैं। हम लोगों को लगातार अपील कर रहे हैं कि वे मास्क पहनकर आएं। शारीरिक दूरी के नियम का पालन करें, पर लोग समझ नहीं रहे हैं। खैर, केंद्रीय टीम सिविल अस्पताल की कार्यप्रणाली से संतुष्ट होकर गई है।

chat bot
आपका साथी