50 हजार किसान व मजदूरों का जत्था आज दिल्ली रवाना होगा

। दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन में भाग लेने के लिए 50 हजार से अधिक किसानों और मजदूरों का जत्था 11 दिसंबर को रवाना होगा।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 10 Dec 2020 06:48 PM (IST) Updated:Thu, 10 Dec 2020 06:48 PM (IST)
50 हजार किसान व मजदूरों का जत्था आज दिल्ली रवाना होगा
50 हजार किसान व मजदूरों का जत्था आज दिल्ली रवाना होगा

जागरण संवाददाता, अमृतसर

दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन में भाग लेने के लिए 50 हजार से अधिक किसानों और मजदूरों का जत्था 11 दिसंबर को रवाना होगा। यह जानकारी किसान-मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब के महासचिव सचिव सरवन सिंह पंधेर ने वीरवार को दी।

कमेटी की नौ दिसंबर को शाम पांच बजे से रात 11 बजे तक चली राज्य की कोर कमेटी की मीटिग में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए सरवन सिंह पंधेर ने बताया कि 700 से अधिक ट्रैक्टर-ट्रालियों में सवार होकर किसान 11 दिसंबर को सुबह सात बजे श्री दरबार साहिब में नतमस्तक होंगे। इसके बाद गोल्डन गेट अमृतसर साहिब से किसान व मजदूरों का जत्था दिल्ली के लिए रवाना होगा। अमृतसर, तरनतारन व गुरदासपुर से पहुंचे किसानों के जत्थे में ब्यास पुल पर मिलेंगे। फिरोजपुर, जालंधर, कपूरथला, मोगा और फाजिल्का जिलों के किसानों का जत्था फिरोजपुर से रवाना होगा। यह दोनों जत्थे दोराहा मंडी में पहुंचकर इकट्ठे होंगे।

उन्होंने बताया कि सीनियर नेता दिल्ली जाकर जायजा लेकर अगला निर्णय लेंगे। उन्होंने ने कहा कि हम केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए संशोधन प्रस्ताव को रद करते हैं। हम मांग करते हैं कि सभी फसलों की सरकारी खरीद की गारंटी वाला कानून बनाया जाए। देश की सभी किसान संगठनों को बातचीत के लिए बुलाया जाए। किसान-मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब का दिल्ली के कुंडली बार्डर पर जसबीर सिंह पिद्दी और सुखविदर सिंह सभरा की अध्यक्षता में मोर्चा जारी है।

इसी तरह जंडियाला गुरु में रेल रोको मोर्चा लगातार जारी है। इस मोर्चे की अध्यक्षता कर रहे हरप्रीत सिंह सिधवां ने कहा कि संगठन एकजुट होकर इन कानूनों को रद करवाने के लिए संघर्ष कर रहा है। जब तक तीन कृषि सुधार कानून रद नहीं किए जाते, संघर्ष जारी रहेगा।

उधर, किसानों ने लोक भलाई वेल्फेयर सोसायटी के नेतृत्व में रोष धरना जारी रखा। तीस किसान संगठनों के सांझे गठजोड़ ने राज्य सभा सदस्य श्वेत मलिक के घर के बाहर भी धरना दिया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

आजाद किसान संघर्ष कमेटी के कार्यकर्ताओं ने हरजीत सिंह झीता के नेतृत्व में टोल प्लाजा मानांवाला पर धरना दिया। जबकि भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने टोल प्लाजा कत्थूनंगल और मीरां कोट चौंक अजनाला रोड पर भी प्रदर्शन किया। वहीं, पंजाब किसान सभा के नेताओं बलविदर सिंह, बलकार सिंह और हरदीप सिंह नेतृत्व में मजीठा रोड स्थित एक निजी कंपनी के रिटेल माल के बाहर धरना देकर रोष जताया।

chat bot
आपका साथी