Congress president: शशि थरूर ने कहा- प्रियंका गांधी में है नेचुरल करिश्मा

शशि थरूर ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष पद के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा सबसे उपयुक्त नेता हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नेतृत्व को लेकर स्पष्टता की कमी पार्टी को नुकसान हो रहा है।

By TaniskEdited By: Publish:Sun, 28 Jul 2019 06:48 PM (IST) Updated:Sun, 28 Jul 2019 07:08 PM (IST)
Congress president: शशि थरूर ने कहा- प्रियंका गांधी में है नेचुरल करिश्मा
Congress president: शशि थरूर ने कहा- प्रियंका गांधी में है नेचुरल करिश्मा

नई दिल्ली, प्रेट्र। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष पद के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा सबसे उपयुक्त नेता हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद नेतृत्व को लेकर 'स्पष्टता की कमी' पार्टी को नुकसान पहुंचा रही है।

रविवार को एक साक्षात्कार में थरूर ने पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के उस सुझाव पर सहमति जताई कि पार्टी का अध्यक्ष युवा नेता होना चाहिए। थरूर ने कहा कि ऐसे में प्रियंका पार्टी अध्यक्ष पद के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवार हैं। प्रियंका कांग्रेस की सर्वोत्तम अध्यक्ष हो सकती हैं। उनमें नेचुरल करिश्मा है, जिससे पार्टी कार्यकर्ता और वोटर प्रेरित होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि जब पार्टी अध्यक्ष के चुनाव होंगे तो वह अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल होंगी। साथ ही थरूर ने कहा कि यह गांधी परिवार पर निर्भर है कि प्रियंका अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगी या नहीं।

तिरुवनंतपुरम से पार्टी के सांसद थरूर ने पार्टी की मौजूदा स्थिति पर असंतोष जताया और कहा कि कांग्रेस जिन हालात से गुजर रही है उसका अभी कोई स्पष्ट जवाब नहीं है। उन्होंने कहा, 'यह बिल्कुल सही बात है कि पार्टी के शीर्ष पद पर स्पष्टता की कमी संभवत: कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों को नुकसान पहुंचा रही है।'

ब्रिटेन की कंजर्वेटिव पार्टी की शैली में हो चुनाव
उन्होंने कांग्रेस में सुधार के कई तरीके बताए। थरूर ने पार्टी अध्यक्ष पद पर चुनाव कराने के लिए ब्रिटेन की कंजर्वेटिव पार्टी की शैली अपनाने का सुझाव दिया, जिससे पार्टी में राष्ट्रीय दिलचस्पी बढ़ सकती है तथा वह एक बार फिर और ज्यादा मतदाताओं को अपनी ओर प्रेरित कर सकती है।

मैं अध्यक्ष पद की दौड़ में नहीं
पार्टी अध्यक्ष पद के लिए खड़े होने के सवाल पर 63 वर्षीय थरूर ने कहा, 'मैं ईमानदारी से कहूं कि मुझे नहीं लगता कि इस मुद्दे पर अटकलें लगाने की दूर-दूर तक भी कोई संभावना है।' बता दें कि राहुल गांधी ने 25 मई को कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि पार्टी कार्यसमिति ने अभी तक उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया।

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी