Lockdown-3: छत्तीसगढ़ में आज से मिलेगी लॉकडाउन में राहत, लेकिन पूरी आजादी नहीं

केंद्र के निर्देश पर कोरोना योद्धाओं के सम्मान के लिए वायुसेना के हेलीकॉप्टरों ने रायपुर एम्स के ऊपर चक्कर लगाकर पुष्पवर्षा की।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Sun, 03 May 2020 09:18 PM (IST) Updated:Mon, 04 May 2020 12:50 AM (IST)
Lockdown-3: छत्तीसगढ़ में आज से मिलेगी लॉकडाउन में राहत, लेकिन पूरी आजादी नहीं
Lockdown-3: छत्तीसगढ़ में आज से मिलेगी लॉकडाउन में राहत, लेकिन पूरी आजादी नहीं

रायपुर, राज्य ब्यूरो। छत्तीसगढ़ में सोमवार से लॉकडाउन में राहत मिलेगी, लेकिन पूरी आजादी नहीं मिलेगी। प्रदेश में रायपुर रेड और कोरबा आरेंज जोन में है। इसके अलावा पूरा राज्य ग्रीन जोन में है। इसके बावजूद पूरे राज्य में लोगों को बहुत ज्यादा छूट नहीं मिलेगी। लोगों की आवाजाही से लेकर कारोबार सब कुछ सीमित दायरें में होगा।

वायुसेना के हेलीकॉप्टरों ने एम्स पर बरसाए फूल

केंद्र के निर्देश पर कोरोना योद्धाओं के सम्मान के लिए वायुसेना के हेलीकॉप्टरों ने रायपुर एम्स के ऊपर चक्कर लगाकर पुष्पवर्षा की।

छत्तीसगढ़ सरकार को महीनेभर में करीब हजार करोड़ से अधिक के राजस्व का झटका

लॉकडाउन के कारण सरकार के लगभग सभी राजस्व प्राप्ति के स्रोत बंद पड़े हैं। इससे महीनेभर में राज्य को लगभग हजार करोड़ के राजस्व का नुकसान हुआ है। इसमें सबसे ज्यादा जीएसटी की क्षति शामिल है। वहीं, केंद्र सरकार से भी जीएसटी क्षतिपूर्ति की राशि नहीं मिल रही है। इसका असर राज्य के विकास कार्यों पर पड़ सकता है।

उप्र के मजदूरों की घर वापसी के लिए योगी सरकार की अनुमति का इंतजार

छत्तीसगढ़ से उत्तर प्रदेश जाने वाले मजदूरों के लिए अभी बस और ट्रेन के रास्ते बंद हैं। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने मजदूरों की वापसी के लिए अभी तक अनुमति नहीं दी है। इसके कारण प्रदेश में उत्तर प्रदेश के चार हजार से ज्यादा मजदूर अपनी वापसी का इंतजार कर रहे हैं। श्रम सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि उत्तर प्रदेश हरियाणा सहित कई राज्यों की अनुमति नहीं मिलने के कारण मजदूर फंसे हुए हैं।

प्रथम चरण में झारखंड के छह जिलों के मजदूर भेजे जाएंगे

झारखंड के फंसे मजदूरों और यात्रियों को लेने के लिए रविवार को करीब पांच सौ बसें छत्तीसगढ़ के जिलों में पहुंच रही हैं। पहले चरण में झारखंड के छह जिलों गोड्डा, सराईकेला, बोकारो, खूटी, जमशेदपुर और गिरडी के करीब पांच सौ मजदूर भेजे जाएंगे। 

टीबी की जांच करने वाली मशीन से होगी कोरोना की जांच

छत्तीसगढ़ में कोरोना की जांच का दायरा बढ़ाने के लिए सरकार ने नया प्रयोग किया है। अब टीवी की जांच करने वाली मशीन से भी कोरोना की जांच होगी। इसमें 10 में एक परिणाम सही पाए जाने की उम्मीद है। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि इस मशीन से जांच के बाद पॉजिटिव पाए गए लोगों की एम्स और अन्य जगह पुष्टि के लिए दोबारा जांच कराई जाएगी। इससे प्रदेश में रोजाना 700 लोगों की जांच का दायरा बढ़ जाएगा।

कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहे हर योद्धा को मिले बीमा का कवच

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वास्थ्य कर्मियों की तरह ही पुलिसकर्मी, स्थानीय निकाय और जिला प्रशासन के अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज अंतर्गत बीमा योजना में शामिल करने का अनुरोध किया है। इसको लेकर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भी लिखा है।

बस्तर का टाइगर ब्वॉय चेंदरू था हॉलीवुड का पहला भारतीय सुपरस्टार

टाइगर ब्वॉय के नाम से दुनियाभर में मशहूर चेंदरू पहला भारतीय एक्टर था, जिसने हॉलीवुड में तहलका मचाया था। चेंदरू अबूझमाड़ के एक छोटे से गांव का बच्चा था। स्वीडिश फिल्म निर्देशक सुक्सफोर्ड 1960 में बस्तर घूमने आए थे। अबूझमाड़ में उनकी नजर एक 10 साल के आदिवासी बधो पर पड़ी, जो बाघ के साथ खेल रहा था। वह चेंदरू था। डायरेक्टर को चेंदरू और बाघ की दोस्ती बहुत पसंद आई। उन्होंने चेंदरू को मुख्य भूमिका में लेकर फिल्म बनाई जिसका नाम जंगल सागा रखा। इस फिल्म ने दुनियाभर में चेंदरू को प्रसिद्धि दिला दी। वह डायरेक्टर के साथ फिल्म के प्रमोशन के लिए स्वीडन भी गया। करीब एक साल बाद लौटा तो तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने उसे मुंबई में रहने की सलाह दी, लेकिन बस्तर के जंगलों में पले बढ़े चेंदरू को यहीं लौटना था। 2013 में गुमनामी की हालत में चेंदरू दुनिया को अलविदा कह गया।

कोरोना मीटर छत्तीसगढ़

नए केस-            शून्य

कुल संक्रमित-     43

स्वस्थ्य हुए-         36

एक्टिव मरीज -    07

मौत-                 शून्य।

chat bot
आपका साथी