सोशल मीडिया से अफवाह को रोकना बड़ी चुनौती : राजनाथ सिंह

राजनाथ सिंह ने पुलिस अधिकारियों को अपने अधीनस्थों के साथ अच्छा व्यवहार करने की नसीहत दी।

By Manish NegiEdited By: Publish:Thu, 26 Jul 2018 08:42 PM (IST) Updated:Fri, 27 Jul 2018 08:40 AM (IST)
सोशल मीडिया से अफवाह को रोकना बड़ी चुनौती : राजनाथ सिंह
सोशल मीडिया से अफवाह को रोकना बड़ी चुनौती : राजनाथ सिंह

नई दिल्ली, प्रेट्र। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने तीव्र शहरीकरण के चलते बढ़ते यातायात को संभालना और सोशल मीडिया के जरिये अफवाह फैलने से रोकने को पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बताया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अपने अधीनस्थों के साथ अच्छा व्यवहार करने की नसीहत दी। कहा कि अगर अधिकार अपने मातहत के साथ अच्छा व्यवहार करेंगे तो इससे पुलिस बल का मनोबल बढ़ा रहेगा।

गुरुवार को युवा पुलिस अधीक्षकों के दूसरे सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए राजनाथ ने उपरोक्त बातें कहीं। दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट कर रहा है। बकौल राजनाथ, 'पुलिस के समक्ष ढेरों चुनौतियां हैं। तीव्र शहरीकरण के कारण बढ़ते यातायात को संभालना एक बड़ी समस्या बन गई है। हमें इस समस्या से प्रभावी तरीके से निपटने का उपाय खोजना होगा।' गृह मंत्री ने दिल्ली में ट्रैफिक जाम की समस्या को गंभीर बताया। कहा, 'राजधानी दिल्ली में लोग आए दिन सड़क जाम की समस्या से दो-चार होते हैं। इस बारे हमें नियमित शिकायतें मिलती रहती हैं।'

राज्य पुलिस एवं सुरक्षा बलों के अधिकारियों से राजनाथ का कहना था, 'शरारती तत्वों द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने की घटनाएं भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। हाल में कई आंदोलन बगैर किसी बैठक और तैयारी के हुए। इसके लिए आयोजकों ने सोशल मीडिया के जरिये सिर्फ मैसेज प्रसारित किया था।' राजनाथ बोले, 'इसमें कोई संदेह नहीं कि सोशल मीडिया एक बहुत ही उम्दा संचार माध्यम है, लेकिन इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित हो कि उसका इस्तेमाल रचनात्मक तरीके से किया जाए।' गृह मंत्री के अनुसार, 'हर कोई अपेक्षा करता है कि पुलिस वाले शालीन और प्रभावी हों। ऐसा उन्हें होना भी चाहिए। लेकिन उनकी कठिनाइयों की ओर भी गौर किया जाना चाहिए।'

chat bot
आपका साथी