राहुल का मोदी पर तंज, मध्य वर्ग की परेशानी का सवाल क्यों टाल गए पीएम

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रेस कांफ्रेंस भूल जाइए मोदी तो अपनी पार्टी के एक कार्यकर्ता के सवाल के सामने भी नहीं टिक सकते।

By Sachin BajpaiEdited By: Publish:Tue, 25 Dec 2018 07:48 PM (IST) Updated:Tue, 25 Dec 2018 07:48 PM (IST)
राहुल का मोदी पर तंज, मध्य वर्ग की परेशानी का सवाल क्यों टाल गए पीएम
राहुल का मोदी पर तंज, मध्य वर्ग की परेशानी का सवाल क्यों टाल गए पीएम

नई दिल्ली, प्रेट्र : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक बार फिर तंज किया है। कर के बोझ के चलते मध्यम वर्ग की परेशानियों से संबंधित भाजपा कार्यकर्ता एक सवाल को प्रधानमंत्री द्वारा कथित रूप से टालने पर राहुल ने उन पर निशाना साधा। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रेस कांफ्रेंस भूल जाइए मोदी तो अपनी पार्टी के एक कार्यकर्ता के सवाल के सामने भी नहीं टिक सकते।

राहुल गांधी ने पिछले हफ्ते की घटना का जिक्र किया, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी तमिलनाडु और पुडुचेरी के अपनी पार्टी के बूथ कार्यकर्ताओं के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बात कर रहे थे। इसी दौरान तमिलनाडु के एक कार्यकर्ता ने प्रधानमंत्री से जानना चाहा कि उनकी सरकार मध्यम वर्ग से कर तो एकत्र कर रही है, लेकिन उसका ख्याल क्यों नहीं रखना चाहती। खबरों के मुताबिक इस सवाल पर प्रधानमंत्री असहज हो गए थे और उसका जवाब नहीं दिया था। इस घटना के बाद भाजपा ने अब अपने कार्यकर्ताओं से पहले से ही रिकॉर्ड सवाल लेने का फैसला किया है, ताकि इस तरह की घटना दोबारा न होने पाए।

राहुल गांधी ने इस पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि भाजपा का मनमाफिक सवाल लेना एक महान विचार है। इसके साथ ही पार्टी को मनमुताबिक जवाब भी जोड़ देना चाहिए।

राहुल ने ट्वीट किया, 'वडकम पुडुचेरी! मध्य वर्ग की परेशानियों पर नमो का यही जवाब है। प्रेस कांफ्रेंस को भूल जाइए, वह तो अपनी पार्टी के बूथ कार्यकर्ताओं के कांफ्रेंस का भी सामना नहीं कर पाते।'

गौरतलब है कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री की अपने कार्यकाल के दौरान एक भी प्रेस कांफ्रेंस नहीं करने के लिए आलोचना करते रहते हैं। इस महीने के शुरू में राहुल गांधी ने अपनी प्रेस कांफ्रेंस की फोटो के साथ एक ट्वीट करते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री को एक दिन ऐसा प्रयास करना चाहिए, क्योंकि उनसे सवाल करना मजेदार होगा।

chat bot
आपका साथी