भारत को अभूतपूर्व मारक क्षमता देगा राफेल लड़ाकू विमान: वायुसेना

भारत ने लगभग 58 हजार करोड़ रुपये में फ्रांस के साथ 36 लड़ाकू विमानों को सौदा किया है। इस डील पर कांग्रेस लगातार हमले कर रही है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Wed, 05 Sep 2018 03:57 PM (IST) Updated:Wed, 05 Sep 2018 04:05 PM (IST)
भारत को अभूतपूर्व मारक क्षमता देगा राफेल लड़ाकू विमान: वायुसेना
भारत को अभूतपूर्व मारक क्षमता देगा राफेल लड़ाकू विमान: वायुसेना

नई दिल्ली, प्रेट्र। देश में राफेल लड़ाकू विमान की खरीद को लेकर मचे बवाल के बीच वायुसेना के उप प्रमुख ने इसे शानदार बताया है। कहा है कि विमान के शामिल होने से भारतीय वायुसेना की मारक क्षमता में अप्रत्याशित बढ़ोतरी होगी। जो लोग फ्रांस के साथ हुए इसके सौदे की निंदा कर रहे हैं उन्हें रक्षा खरीद की प्रक्रिया और मानदंडों को समझना चाहिए। एयर मार्शल एसबी देव ने हिंदुस्तान एयरोनॉक्टिस लिमिटेड (एचएएल) द्वारा स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस की वायुसेना को आपूर्ति में हो रही देरी पर नाखुशी जाहिर की।

उन्होंने सुझाव दिया कि तेजस के उत्पादन में तेजी के लिए एचएएल को निजी क्षेत्र की कंपनियों से सहयोग लेना चाहिए। उल्लेखनीय है कि वायुसेना लड़ाकू विमानों की कमी के दौर से गुजर रही है। वायुसेना इस समय केवल 31 स्क्वाड्रन से काम चला रही है जबकि उसके पास 42 स्क्वाड्रन होने चाहिए। प्रत्येक स्क्वाड्रन में 16 से 18 लड़ाकू विमान होते हैं। उप प्रमुख एयर मार्शल देव ने कहा, राफेल को लेकर जितनी भी चर्चाएं हो रही हैं, वे लोगों को खरीद प्रक्रिया की पूरी जानकारी न होने की वजह से हो रही हैं।

हम विमान के भारत में आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह बहुत शानदार और क्षमतावान लड़ाकू विमान है। इसकी क्षमता को देखते हुए हमें इसकी जल्द जरूरत है। 58,000 करोड़ रुपये के राफेल खरीद सौदे पर एयर मार्शल देव ने कहा, चर्चा करने वालों को रक्षा खरीद की प्रक्रिया के बारे में जानना चाहिए और ऑफसेट पॉलिसी को पढ़ना चाहिए।

वायुसेना के एक कार्यक्रम से इतर देव मीडिया से बात कर रहे थे। भारत ने अंतर सरकारी समझौते के तहत फ्रांस से 36 लड़ाकू विमान खरीदने के लिए 58,000 करोड़ रुपये में सौदा किया है। सितंबर 2019 से इन विमानों की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। कांग्रेस सहित कई विपक्षी दल इस सौदे पर सवाल उठा रहे हैं और ज्यादा धन चुकाए जाने की बात कह रहे हैं।

chat bot
आपका साथी