मप्र में अमित शाह का एलान, महाराजों की नहीं, किसान पुत्र की बनेगी सरकार

गुजरात के बाद भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह ने मध्‍यप्रदेश के उज्‍जैन में बाबा महाकाल के दर्शन किए।

By Monika MinalEdited By: Publish:Sat, 14 Jul 2018 12:41 PM (IST) Updated:Sun, 15 Jul 2018 07:50 AM (IST)
मप्र में अमित शाह का एलान, महाराजों की नहीं, किसान पुत्र की बनेगी सरकार
मप्र में अमित शाह का एलान, महाराजों की नहीं, किसान पुत्र की बनेगी सरकार

उज्जैन। नईदुनिया प्रतिनिधि। प्रदेश में चौथी बार भाजपा की सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने शनिवार को उज्जैन से जन आशीर्वाद यात्रा शुरू की। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी शामिल हुए। नानाखेड़ा स्टेडियम में सभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि मोदी और शिवराज की जोड़ी को पांच साल और दीजिए, मप्र देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बन जाएगा।

उन्होंने शिवराज सिंह की जमकर तारीफ की। कहा कि मुझे यह कहते हुए गर्व है कि मेरी पार्टी का एक मुख्यमंत्री ऐसा भी है जो लगातार तीन कार्यकाल पूरे करने के बाद जनता को हिसाब देने का साहस रखता है। शाह ने कहा कि मप्र में दो महाराजा और धनपति मिलकर सरकार बनाने का सपना देख रहे हैं, लेकिन प्रदेश में चौथी बार किसान पुत्र शिवराज की सरकार बनेगी।
मप्र में भाजपा को हराना असंभव
अमित शाह ने कहा कि मप्र में भाजपा की जड़े पाताल से भी गहरी हैं। यहां भाजपा को हराना असंभव है। 2018 का विधानसभा चुनाव प्रदेश भाजपा के इतिहास में अब तक की सबसे ज्यादा सीटें जीतने वाला चुनाव साबित होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री को देश के सबसे सफलतम मुख्यमंत्रियों में से एक बताया।
कांग्रेस को चर्चा की चुनौती
शाह ने मप्र कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि जहां-जहां से शिवराज की यात्रा गुजरेगी, वहां कांग्रेस नेता आंकड़े लेकर आएं और दिग्विजय सिंह व शिवराज सरकार के कामों पर चर्चा कर लें।
कांग्रेस का सेनापति कौन, यही तय नहीं
मुख्यमंत्री सिंह चौहान ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के लोगों को यही नहीं पता कि उनका सेनापति कौन है? शिवराज का पूरा भाषण दिग्विजय सिंह सरकार और भाजपा सरकार के काम पर केंद्रित रहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जन आशीर्वाद यात्रा पर सवाल उठा रही है, लेकिन वे यह बताए कि कमलनाथ के पैसे से रथ बना भी लोगे तो उस पर बिठाओगे किसे?
शिवराज ने कांग्रेस से पूछे चार सवाल
-- कांग्रेस यह बताए कि उनका सेनापति कौन है?
-- राहुल प्रधानमंत्री बनने को तैयार हैं, लेकिन उन्हें पीएम बना कौन रहा है?
-- मालवा की समृद्घि के लिए नर्मदा को शिप्रा में क्यों नहीं मिला पाए?
-- बेटियों पर दुराचार रोकने हमने फांसी का कानून बनाया, तुम्हारी सरकार ने क्या किया?

ऐसा होगा नया भारत
इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्‍धियों का उल्‍लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने नए भारत की एक कल्पना देश के सामने रखी है। हमारा नया भारत गंदगी से मुक्‍त, स्वच्छ, संपन्‍न और आतंकवाद के साथ संप्रदायवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण से मुक्त होगा। उन्‍होंने आगे कहा, ‘आधुनिक भारत जातिवाद, भ्रष्‍टाचार और आतंकवाद से आजाद होगा। किसी एक व्यक्ति के पुरुषार्थ से देश आगे नहीं बढ़ सकता है।

जब तक देश का पुरुषार्थ एक दिशा में न चले तब तक राष्ट्र का आगे बढ़ना असंभव है। सवा सौ करोड़ लोग अगर सामूहिक रूप से एक दिशा में कदम बढ़ाते हैं तो देश सवा सौ करोड़ कदम आगे बढ़ता है।‘ अमित शाह ने यह भी कहा कि हमारे देश के अर्थतंत्र की गाड़ी पटरी पर नहीं थी। जीडीपी का विकास करीब 6 फीसद पर रुका था वह आज प्रधानमंत्री के नेतृत्‍व में 7.4 हो गया है और भारत दुनिया में सबसे तीव्र गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बन गया है।

भाजपा की ओर से जारी कार्यक्रम सूची के अनुसार, शाह महाकाल मंदिर में दर्शन करने के बाद राजमाता विजयाराजे सिंधिया स्टेडियम, नानाखेड़ा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। शाह सभा के बाद जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होकर गेल चौराहा, न्यू इंदिरा नगर, शांति नगर, नीलगंगा, कवेलू कारखाना चौराहा, शास्त्री नगर तक जाएंगे। शाम साढ़े पांच बजे हेलीकाप्टर से इंदौर रवाना होंगे। इंदौर में वे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की माताजी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने उनके निवास जाएंगे और रात आठ बजे वायुयान से इंदौर से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

chat bot
आपका साथी