मालदीव को 1.4 बिलियन अमेरिकी डॉलर का सस्ता कर्ज देगा भारत, पीएम मोदी का एलान

मालदीव के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति इब्राहिम सोलिह तीन दिवसीय भारत यात्रा पर हैं। हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले सोलिह।

By Nancy BajpaiEdited By: Publish:Mon, 17 Dec 2018 10:20 AM (IST) Updated:Mon, 17 Dec 2018 02:08 PM (IST)
मालदीव को 1.4 बिलियन अमेरिकी डॉलर का सस्ता कर्ज देगा भारत, पीएम मोदी का एलान
मालदीव को 1.4 बिलियन अमेरिकी डॉलर का सस्ता कर्ज देगा भारत, पीएम मोदी का एलान

नई दिल्ली, जेएनएन। मालदीव के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति इब्राहिम सोलिह तीन दिवसीय भारत यात्रा पर हैं। जहां नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में इब्राहिम सोलिह ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकत की। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से गर्मजोरी से हाथ मिलाया। यहां दोनों देशो के बीच प्रतिनिधि मंडल स्तर की बातचीत हुई। 

बातचीत के बाद दोनों देशों की संयुक्त प्रेस वार्ता हुई। जिसमें प्रधानमंत्री मोदी ने मालदीव को 1.4 बिलियन अमेरिकी डॉलर का रियायती कर्ज देने का ऐलान किया है। इसके अलावा अगले पांच वर्षों में मालदीव के नागरिकों के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के लिए अतिरिक्त 1000 सीटें देने का भी निर्णय किया है। दोनों देशों के बीच चार समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं। जिनमें से नया वीज़ा समझौता भी शामिल है।

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, 'आपकी इस यात्रा से उस गहरे आपसी भरोसे और दोस्ती की झलक मिलती है जिनपर भारत- मालदीव सम्बन्ध आधारित हैं। हमारी मित्रता सिर्फ हमारी भौगोलिक समीपता के कारण ही नहीं है। सागर की लहरों ने हमारे तटों को जोड़ा है। इतिहास, संस्कृति, व्यापार और सामाजिक सम्बन्ध हमें हमेशा और भी नजदीक लाए हैं। दोनों देशों के लोग आज लोकतंत्र में अपनी आस्था और विकास की आकांक्षा से भी आपस में जुड़े हैं। आपकी इस यात्रा से दोनों देशों के बीच इन संबंधों के इतिहास में एक नए अध्याय की शुरुआत होगी।'

मोदी ने कहा, 'राष्ट्रपति सोलिह और मेरे बीच आज बहुत ही सौहार्द्रपूर्ण और मित्रता भरे वातावरण में बहुत सफल चर्चा हुई। हमने दोनों देशों के बीच परंपरागत मजबूत तथा मैत्रीपूर्ण संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ करने की हमारी दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराया। मालदीव के लोगों के जीवन को बदलने की आपकी सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को अंजाम देने में और मालदीव में विकास का मानवीय रूप और भी निखारने के आपके प्रयास में भारत हमेशा आपके साथ है।'


पीएम ने कहा, 'मालदीव के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए बजट सहयोग, करेन्सी स्वैप और रियायती कर्ज के रूप में 1.4 बिलियन अमेरिकी डॉलर की आर्थिक सहायता भारत मालदीव को प्रदान करेगा और दोनों देशों के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए भी भारत का पूर्ण सहयोग रहेगा। बेहतर कनेक्टिविटी से गुड्स और सर्विस, सूचना, विचारों, संस्कृति और लोगों के आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा।' 

पीएम ने कहा, 'हमने अगले पांच वर्षों में मालदीव के नागरिकों के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के लिए अतिरिक्त 1000 सीटें देने का भी निर्णय किया है। हमारे नागरिकों के बीच सौहार्द हमारे संबंधों का विशेष पहलू है। इसलिए आज हम नए वीज़ा समझौते पर हस्ताक्षर का स्वागत करते हैं। राष्ट्रपति सोलिह और मैं, इस पर भी सहमत हैं कि हिंद महासागर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए हमें अपने सहयोग को और गहन बनाने की ज़रूरत है।'

राष्ट्रपति भवन में जोरदार स्वागत
वहीं, राष्ट्रपति भवन में मालदीव के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति इब्राहिम सोलिह का भव्य स्वागत हुआ। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गर्मजोशी से हाथ मिलाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उनके साथ वहां मौजूद थे।  

प्रतिनिधि मंडल स्तर की बातचीत के बाद भारत और मालदीव के बीच हुए समझौते पर दोनों देशो के प्रमुखों की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए जाएंगे। इब्राहिम सोलिह शाम करीब चार बजे उपराष्ट्रपति वैंकया नायडू और 7:30 बजे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात करेंगे। दोनों मुलाकात का स्थान राष्ट्रपति भवन होगा।

मालदीव के राष्ट्रपति कल अपनी यात्रा के तीसरे और आखिरी दिन मंगलवार को आगरा जाएंगे। इब्राहिम सोलिह इस साल नवंबर में मालदीव के राष्ट्रपति बने थे। पीएम नरेंद्र मोदी 17 नवंबर को इब्राहिम सोलिह के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे।

chat bot
आपका साथी