कर्नाटक में 6 फरवरी को मंत्रिमंडल विस्तार, पूर्व में अयोग्य करार दिए गए विधायक बनेंगे मंत्री

कर्नाटक में 6 फरवरी को मंत्रिमंडल विस्तार होगा। इस दौरान भाजपा के टिकट पर उपचुनावों में विधायक चुने गए जेडीएस और कांग्रेस के अयोग्य विधायको को मंत्री बनाया जाएगा।

By TaniskEdited By: Publish:Sun, 02 Feb 2020 12:36 PM (IST) Updated:Sun, 02 Feb 2020 01:03 PM (IST)
कर्नाटक में 6 फरवरी को मंत्रिमंडल विस्तार, पूर्व में अयोग्य करार दिए गए विधायक बनेंगे मंत्री
कर्नाटक में 6 फरवरी को मंत्रिमंडल विस्तार, पूर्व में अयोग्य करार दिए गए विधायक बनेंगे मंत्री

बेंगलुरु, पीटीआइ। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि 6 फरवरी यानी गुरुवार को मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। इस दौरान भाजपा के टिकट पर उपचुनावों में विधायक चुने गए जेडीएस और कांग्रेस के 10 अयोग्य विधायकों को मंत्री बनाया जाएगा। इस दौरान कुल 13 विधायक शपथ लेंगे। बता दें कि पिछले साल दिसंबर में हुए उपचुनाव के बाद से ही राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार का इंतजार है।

भाजपा ने 5 दिसंबर 2019 को हुए उपचुनावों में अधिकतम सीटें जीतीं और कर्नाटक विधानसभा में बहुमत प्राप्त किया। येदियुरप्पा ने यहां संवाददाताओं से कहा कि कैबिनेट विस्तार 6 फरवरी को राजभवन में 10.30 बजे शपथ ग्रहण समारोह के साथ होगा। उन्होंने कहा कि 13 में से 10 कांग्रेस और जेडीएस से भाजपा में शामिल हुए विधायक शपथ लेंगे।

सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव लड़ने का इजाजत दी थी

बता दें कि इन विधायकों के इस्तीफे के बाद पिछले साल कांग्रेस और जेडीएस की गठबंधन सरकार गिर गई थी। येदियुरप्पा ने इसके बाद जुलाई में मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। इन विधायकों को तत्कालिन स्पीकर द्वारा अयोग्य ठहरा दिया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने इनकी अयोग्यता बरकरार रखी थी, लेकिन चुनाव लड़ने का इजाजत दे दी थी।  येदियुरप्पा पर कांग्रेस और जेडीएस के पूर्व विधायकों का भारी दबाव रहा है। इन विधायकों के अनुसार, येदियुरप्पा ने उन सभी को मंत्री बनाने का वादा किया था। 

11 विधायकों ने जीत हासिल की

दिसंबर के उपचुनावों में 17 दोषियों में से केवल 13 को मैदान में उतारा गया था। उनमें से 11 ने जीत हासिल की। अदालतों के समक्ष चुनाव याचिकाएं लंबित होने के कारण दो सीटें अभी भी रिक्त हैं। पार्टी आलाकमान से येदियुरप्पा को इन विधायकों को मंत्री बनाने के लिए हरी झंड़ी नहीं मिल रही थी। येदियुरप्पा को शुक्रवार को अपने छह महीने पुराने मंत्रिमंडल के विस्तार के लिए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से मंजूरी मिली।

कर्नाटक में 34 मंत्री बन सकते हैं

224 सदस्यीय कर्नाटक विधानसभा में, मुख्यमंत्री सहित केवल 34 मंत्री बन सकते हैं। राज्य सरकार के पास वर्तमान में सिर्फ 18 मंत्री हैं, जिनके पास एक से अधिक बड़े पोर्टफोलियो हैं।

chat bot
आपका साथी