मध्‍य प्रदेश मंत्रिमंडल विस्‍तार की सुगबुगाहट, सिंधिया ने शिवराज के साथ की लंबी बैठक, जानें किन मसलों पर हुई बात

मध्य प्रदेश में विधानसभा उपचुनावों के बाद अब मंत्रिमंडल और संगठन के बहुप्रतीक्षित विस्तार को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और संगठन महामंत्री सुहास भगत के साथ लंबी बैठक की।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Fri, 11 Dec 2020 10:50 PM (IST) Updated:Fri, 11 Dec 2020 10:50 PM (IST)
मध्‍य प्रदेश मंत्रिमंडल विस्‍तार की सुगबुगाहट, सिंधिया ने शिवराज के साथ की लंबी बैठक, जानें किन मसलों पर हुई बात
मध्य प्रदेश में अब सत्ता और संगठन के बहुप्रतीक्षित विस्तार को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं।

भोपाल, जेएनएन। मध्य प्रदेश में विधानसभा उपचुनावों के बाद अब सत्ता और संगठन के बहुप्रतीक्षित विस्तार को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और संगठन महामंत्री सुहास भगत के साथ लंबी बैठक की। सूत्रों की मानें तो इस बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार, निगम, मंडल और आयोग में नियुक्ति के साथ प्रदेश कार्यकारिणी के विस्तार को लेकर विस्‍तार से बातचीत हुई। माना जा रहा है कि जल्द ही चीजें स्पष्ट हो जाएंगी।

पूर्व मंत्रियों को मिलेगा ईनाम

सूत्रों ने बताया कि उपचुनाव में हारने वाले पूर्व मंत्रियों को आयोग या निगम में समायोजित किया जाएगा। प्राप्‍त जानकारी के मुताबिक, सिंधिया भोपाल पहुंचने पर विमानतल से सीधे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे जहां उनकी मुख्यमंत्री के साथ एकांत में लंबी बातचीत की। बताया जा रहा है कि सिंधिया समर्थक चाहते हैं कि मंत्रिमंडल विस्तार जल्द हो ताकि कार्यकर्ताओं में अच्छा संदेश जाए। वैसे भी अब कभी भी निकाय चुनाव का बिगुल बज सकता है। इसलिए मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

भाजपा संगठन के नेताओं से भी चर्चा

उल्लेखनीय है कि उपचुनाव के दौरान गोविंद सिंह राजपूत और तुलसीराम सिलावट ने इस्तीफा दे दिया था। दोनों चुनाव जीत चुके हैं। वहीं, सिंधिया समर्थक तीन मंत्री (इमरती देवी, एदल सिंह कंषाना और गिर्राज दंडोतिया) चुनाव हार गए हैं। कंषाना का इस्तीफा स्वीकार हो चुका है जबकि इमरती देवी और गिर्राज दंडोतिया के इस्तीफे मुख्यमंत्री को दिए जा चुके हैं, जो लंबित हैं। मुख्यमंत्री के जाने के बाद सिंधिया की प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, संगठन महामंत्री सुहास भगत और सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के साथ भी बैठक हुई।

बंगाल में जनता देगी जवाब

सूत्रों का कहना है कि इसमें संगठन विस्तार से लेकर अन्य मसलों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के बाद सिंधिया ने संवाददाताओं से कहा कि बंगाल में लोकतांत्रिक मूल्यों पर तांडव देखने को मिला है। इसका जवाब वहां की जनता चुनाव में जरूर देगी। किसानों के आंदोलन पर उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। केंद्रीय मंत्री लगातार किसानों से बात कर रहे हैं। भोपाल विमानतल पर सिंधिया का समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, इमरती देवी, प्रद्युम्न सिंह तोमर, हरदीप सिंह डंग आदि मौजूद थे। 

chat bot
आपका साथी