सोनिया-प्रियंका गांधी के बाद कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद हुए कोरोना पाजिटिव, खुद को किया होम क्वारंटीन

कोरोना के केस भले ही देश में कम हो रहे हैं लेकिन राजनीतिक दलों के नेता इससे बच नहीं पा रहे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इससे पहले सोनिया-प्रियंका को भी कोरोना हुआ था।

By Mohd FaisalEdited By: Publish:Tue, 21 Jun 2022 01:07 PM (IST) Updated:Tue, 21 Jun 2022 01:07 PM (IST)
सोनिया-प्रियंका गांधी के बाद कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद हुए कोरोना पाजिटिव, खुद को किया होम क्वारंटीन
गुलाम नबी आजाद हुए कोरोना पाजिटिव (फोटो एएनआइ)

नई दिल्ली, एएनआइ। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद कोरोना पाजिटिव हो गए हैं। इसकी जानकारी उन्होंने ट्वीट कर दी है। कोरोना पाजिटिव की पुष्टि करते हुए उन्होंने बताया कि मैं कोविड-19 से संक्रमित पाया गया हूं, फिलहाल मैं होम क्वारंटीन हूं। बता दें कि गुलाम नबी आजाद को दूसरी बार कोरोना हुआ है। इससे पहले उन्हें साल 2020 में कोरोना हुआ था।

I have tested covid positive today and is under home quarantine.— Ghulam Nabi Azad (@ghulamnazad) June 21, 2022

प्रियंका-सोनिया भी हुईं थी कोरोना संक्रमित

बता दें कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी कोरोना संक्रमित हो गई थी। उन्होंने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। प्रियंका ने बताया कि हल्के लक्षणों के बाद कोरोना टेस्ट कराया और उनकी रिपोर्ट पाजिटिव आई। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की कोरोना रिपोर्ट भी पाजिटिव आई थी। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

बीते 24 घंटे में आई मामूली गिरावट

दरअसल, देश में बीते कुछ दिनों में कोरोना के केस बढ़े हैं। बात करें पिछले 24 घंटे की, तो देश में कोरोना के केस में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 9,923 नए मामले दर्ज किए गए और कोविड-19 से 17 लोगों की मौत हुई है। इससे पहले सोमवार को भारत में 12,781 नए केस मिले थे और 18 लोगों की मौत हुई थी।

कोरोना से 7,293 लोग हुए स्वस्थ

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, भारत में पिछले 24 घंटों में 98.61 प्रतिशत की दर से 7,293 लोग ठीक हुए हैं। जिसके साथ ही संक्रमण से ठीक होने वालों की कुल संख्या बढ़कर 4,27,15,193 हो गई है। विशेष रूप से देश में कुल सक्रिय मामले 79,313 हैं और वर्तमान सकारात्मकता दर 2.55 प्रतिशत है। कुल मिलाकर भारत में अब तक 85.85 करोड़ परीक्षण किए गए हैं, जिनमें से पिछले 24 घंटों में 3,88,641 परीक्षण किए गए हैं।

देश में अब तक 196.32 करोड़ लोगों को लगी डोज

जानकारी के मुताबिक, देश का साप्ताहिक पाजिटिविटी रेट 2.67 फीसदी है। मंत्रालय के अनुसार, भारत सरकार के माध्यम से अब तक राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन की 196.32 करोड़ खुराक दी जा चुकी है। मंत्रालय का कहना है कि केंद्र सरकार पूरे देश में COVID-19 टीकाकरण की गति को तेज करने और इसके दायरे का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है। राष्ट्रव्यापी COVID-19 टीकाकरण 16 जनवरी 2021 को शुरू हुआ।

chat bot
आपका साथी